
Jamshedpur : कदमा के रहने वाले युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। हत्याकांड से जुड़ी कड़ियों की पड़ताल के दौरान पुलिस टीम ने मंगलवार को सिदगोड़ा क्षेत्र स्थित विक्रम शर्मा के कार्यालय की तलाशी ली। कार्यालय का ताला खुलवाकर पुलिस ने वहां रखे दस्तावेजों और अन्य सामान की जांच की।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तलाशी के दौरान कुछ सामग्री जब्त किए जाने की जानकारी है, हालांकि जब्त सामान का विस्तृत ब्योरा फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया गया है। पुलिस निखार हत्याकांड में पुराने संपर्कों, आपराधिक नेटवर्क और संभावित साजिश से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
देहरादून में हुई विक्रम शर्मा की हत्या का कनेक्शन भी जांच के दायरे में
विक्रम शर्मा की 13 फरवरी 2026 को देहरादून में हत्या हुई थी। उस मामले की जांच में जमशेदपुर से जुड़े कुछ लोगों के नाम सामने आने की बात पहले भी सामने आ चुकी है। ऐसे में निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के दौरान विक्रम शर्मा के कार्यालय की तलाशी लिए जाने से इस पहलू को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि दोनों मामलों के बीच किसी सीधे संबंध की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
24 अगस्त को होटल में हुई थी निखार की हत्या
निखार सबलोक की 24 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र स्थित टेंथ माइल स्टोन होटल में हत्या कर दी गई थी। मामले की जांच जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त टीम कर रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के साथ फरार संदिग्धों और हत्याकांड के पीछे की संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है।
Read Also: Jamshedpur News : मनिफिट टीओपी चौक के सब्जी दुकानदारों को हटाने का विरोध, दो माह की मोहलत

