
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार को पुलिस, कोबरा, एसटीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटा बांकी और कुड़लुंग पहाड़ तथा चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोभी जंगल में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।
अभियान सुबह करीब पांच बजे शुरू हुआ, जो शाम चार बजे तक जारी रहा। पुलिस के अनुसार, भाकपा माओवादी से जुड़े मंगल महतो और मालती मुर्मू की निशानदेही पर इन इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया था।
दुर्गम पहाड़ी और घने जंगलों में सुरक्षा बलों ने संदिग्ध ठिकानों और आसपास के क्षेत्रों की गहन तलाशी ली। इसी दौरान अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए हथियार और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किए गए।
कुड़लुंग पहाड़ से इंसास राइफल और गोलियां बरामद
पुलिस के मुताबिक, पटमदा में बंगाल सीमा पर मौजूद कुड़लुंग पहाड़ से एक इंसास राइफल, 85 चक्र गोली, तीन मैगजीन और एक सीलिंग बरामद किया गया।
वहीं, चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोभी जंगल से एक एकेएम राइफल, 147 चक्र गोली और दो मैगजीन बरामद हुईं।
इस तरह संयुक्त सर्च ऑपरेशन में कुल दो राइफल, 232 चक्र गोलियां और पांच मैगजीन समेत अन्य सामग्री बरामद की गई। बरामद हथियार और गोला-बारूद को पुलिस ने विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है।
पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम रही शामिल
अभियान में डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार और चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार के अलावा एमजीएम थाना के पुलिस पदाधिकारी, कोबरा, एसटीएफ और झारखंड जगुआर के जवान शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, बरामद हथियार और गोला-बारूद के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है। इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन तथा निगरानी आगे भी जारी रखने की बात पुलिस ने कही है।
Read also – Jamshedpur Crime : बर्मामाइंस में 35 वर्षीय युवक की मौत, मानसिक तनाव की बात सामने आई

