Home » West singhbhum T20 league : मनोहरपुर लायंस व चक्रधरपुर रॉयल्स की आसान जीत

West singhbhum T20 league : मनोहरपुर लायंस व चक्रधरपुर रॉयल्स की आसान जीत

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग में मनोहरपुर लायंस और चक्रधरपुर रॉयल्स ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।

मनोहरपुर लायंस ने जगन्नाथपुर टाइगर्स को 7 विकेट से हराया

पूर्वाह्न नौ बजे से शुरू हुए पहले मैच में मनोहरपुर लायंस ने टॉस जीतकर जगन्नाथपुर टाइगर्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। जगन्नाथपुर की पूरी टीम 18.5 ओवर में 150 रनों पर सिमट गई। सलामी बल्लेबाज डेविड सागर मुंडा ने 4 चौके और 6 छक्के जड़ते हुए 56 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। इसके अलावा कप्तान विकास सिंह ने 23, अतुल सिंह सुरवर ने 16, युवराज कुमार ने 14, अमित दास ने 11 और अजय प्रधान ने 10 रन बनाए। मनोहरपुर लायंस की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर तन्मय तंतुबाई ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 14 रन देकर 6 विकेट झटके, जबकि तेज गेंदबाज गौरव सिंह को 2 सफलताएं मिलीं।

151 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मनोहरपुर लायंस की टीम ने मयंक पॉल की आक्रामक बल्लेबाजी (7 चौके और 5 छक्कों की मदद से 72 रन) के दम पर 15.5 ओवर में 3 विकेट खोकर जीत दर्ज की। कप्तान अनुराग संजय ने 31 और विकेटकीपर पंकज कुमार ने नाबाद 25 रन बनाए।

शानदार गेंदबाजी के लिए तन्मय तंतुबाई को कोल्हान किंग के मालिक सतीश किरनानी ने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ से सम्मानित किया। साथ ही, 6 विकेट लेने के उपलक्ष्य में जिला क्रिकेट संघ के सदस्य देवाशीष दत्ता ने उन्हें मैच बॉल भेंट की।

चक्रधरपुर रॉयल्स ने सारंडा वारियर्स को 23 रनों से दी मात

अपराह्न एक बजे खेले गए दूसरे मुकाबले में चक्रधरपुर रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 182 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज ओजस वर्धन ने 12 चौके और 5 छक्कों की मदद से 97 रनों की तूफानी पारी खेली, हालांकि वे शतक बनाने से महज 3 रन से चूक गए। इसके अलावा अनुज उरांव एवं डेविड सांगा ने 16-16, जबकि शिवम पटेल और ललित शुक्ला ने 13-13 रन बनाए। सारंडा वारियर्स की ओर से धीरज कुमार और अंकित शर्मा ने 2-2 विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सारंडा वारियर्स की शुरुआत बेहद धमाकेदार रही। सलामी बल्लेबाज विवेक कुमार (23 गेंदों में 5 चौके और 8 छक्कों के साथ 70 रन) और जयप्रकाश राजपूत (42 रन) ने पहले विकेट के लिए मात्र 7.2 ओवर में 102 रनों की साझेदारी की। हालांकि, मध्यक्रम के बल्लेबाजों के फ्लॉप रहने के कारण पूरी टीम 18.2 ओवर में 159 रनों पर सिमट गई। चक्रधरपुर रॉयल्स के गेंदबाज निशांत रोहन (3/25) और हर्ष कुमार (3/39) ने मैच का रुख अपनी टीम के पक्ष में मोड़ दिया।

शानदार बल्लेबाजी के लिए ओजस वर्धन को मनोहरपुर लायंस के मालिक स्वप्निल खाखा ने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा।

Read Also Chaibasa News : बंगलाटांड में पीसीसी सड़क निर्माण का शिलान्यास, स्थानीय लोगों को मिलेगी राहत

Related Articles

Leave a Comment