Home » Gumla Chakka Jam : आरक्षण की मांग को लेकर गुमला में चक्का जाम, थम गई वाहनों की रफ्तार

Gumla Chakka Jam : आरक्षण की मांग को लेकर गुमला में चक्का जाम, थम गई वाहनों की रफ्तार

मशाल जुलूस के बाद मंगलवार को सड़कों पर उतरे आंदोलनकारी, कई स्कूल और शिक्षण संस्थान भी रहे बंद

by Rakesh Pandey
Gumla Chakka Jam
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गुमला : झारखंड के गुमला जिले में पिछड़ा वर्ग को आरक्षण देने की मांग को लेकर पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति, झारखंड के आह्वान पर मंगलवार को गुमला जिले में चक्का जाम किया गया। आंदोलन का असर जिले के कई हिस्सों में देखने को मिला। इससे पहले सोमवार शाम को विभिन्न प्रखंडों में आंदोलनकारियों ने मशाल जुलूस निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया था। मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर पहुंच गए और कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन बाधित कर दिया।

शहर से लेकर प्रखंड मुख्यालयों और प्रमुख सड़कों तक कई जगहों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों को रोक दिया गया। चक्का जाम के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। रोजमर्रा के काम और जरूरी कार्यों के लिए निकले लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
आंदोलन का प्रभाव जिले के शिक्षण संस्थानों पर भी पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने कई स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों को बंद करा दिया। कुछ विद्यार्थी स्कूल पहुंच चुके थे, लेकिन संस्थान बंद मिलने के बाद उन्हें वापस लौटना पड़ा। वहीं, कई स्कूल प्रबंधन ने पहले ही अभिभावकों को संस्थान बंद रहने की जानकारी दे दी थी।

पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति के नेताओं का कहना है कि गुमला समेत रांची, खूंटी, सिमडेगा और लोहरदगा जिलों में पिछड़ा वर्ग को आरक्षण का लाभ नहीं मिल रहा है। समिति के दिलीपनाथ साहू ने कहा कि आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन आगे भी चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण व्यवस्था लागू करने और उनके अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की। चक्का जाम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती रही। आंदोलन के चलते कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा और यात्रियों को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी।

Read Also- Deoghar ATM Theft : देवघर में चोरों का दुस्साहस, नंदन पहाड़ के पास शटर तोड़कर पूरी ATM मशीन ही उखाड़ ले गए

Related Articles

Leave a Comment