
बीएलओ-बीएलए-2 की बैठक और चुनाव पाठशाला का आयोजन
सीईओ के. रवि कुमार ने हजारीबाग व रामगढ़ में लिया तैयारियों का जायजा
रांची : शनिवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया को गति देने के लिए झारखंड के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्पडेस्क लगाया गया। इसके साथ ही बूथों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए)-2 की बैठक हुई। चुनाव पाठशाला के माध्यम से पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया गया। हेल्पडेस्क पर नागरिकों को पंजीकरण की निर्धारित प्रक्रिया और आवेदन से संबंधित जानकारी दी गयी, ताकि पात्र मतदाता जानकारी के अभाव में सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहें।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने हजारीबाग और रामगढ़ जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित मेगा हेल्पडेस्क का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध करायी जा रही सहायता और संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बीएलए-2 से अपने क्षेत्र के पात्र नागरिकों तक पहुंचने और उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाने की अपील की। उन्होंने आवेदन करने में जरूरतमंद नागरिकों को आवश्यक सहयोग देने पर भी जोर दिया।
चुनाव पाठशाला में युवाओं को दी गई जानकारी
मतदान केंद्रों पर आयोजित चुनाव पाठशाला में युवाओं को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की निर्धारित प्रक्रिया, आवेदन और पंजीकरण से जुड़ी जरूरी जानकारी दी गयी। इसका उद्देश्य नये पात्र मतदाताओं को सूची से जोड़ना और आवेदन प्रक्रिया को लेकर उनकी शंकाओं का समाधान करना था। निर्वाचन विभाग की ओर से बूथ स्तर पर मतदाताओं को जरूरी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
नागरिकों को दी जा रही सहायता का लिया जाएगा
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। राज्य के सभी जिलों में जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के नेतृत्व में मेगा हेल्पडेस्क और संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला निर्वाचन पदाधिकारियों ने मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और नागरिकों को दी जा रही सहायता का जायजा लिया।
पात्र नागरिकों से आवेदन करने की अपील
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी पात्र भारतीय नागरिकों, खासकर युवाओं से अपील की कि यदि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर नाम शामिल कराने की कार्रवाई पूरी करें। उन्होंने बीएलओ और बीएलए-2 से भी पात्र नागरिकों को जानकारी देने और आवेदन में सहयोग करने का आग्रह किया। निर्वाचन विभाग का जोर मतदाता सूची में सभी पात्र नागरिकों को शामिल करने के साथ अपात्र व्यक्तियों और विदेशी नागरिकों को सूची में शामिल होने से रोकने पर भी है।

