
दुमका : झारखंड स्थित दुमका के काठीकुंड में 14 वर्षीय किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने 35 वर्षीय शिशु टुडू को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिपरा गांव के रासी टोला का रहने वाला है और चार बच्चों का पिता है। पुलिस के अनुसार, उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर खून लगे गमछे और टी-शर्ट बरामद किए गए हैं। मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने मंगलवार को पुलिस सभागार में बताया कि आरोपी की बेटी पहले उसी विद्यालय में पढ़ती थी, जहां किशोरी पढ़ती थी। किशोरी उसके घर के सामने से होकर स्कूल आती-जाती थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी काफी समय से उस पर गलत नजर रख रहा था। नौ अक्टूबर की शाम किशोरी अकेले गाय खोलने गई थी। इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। किशोरी उसे पहले से जानती थी। पहचान उजागर होने के डर से आरोपी ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
एसपी के अनुसार, किशोरी ने घटना के दौरान बचाव का प्रयास किया था, जिससे आरोपी के चेहरे पर चोट आई। इसी चोट ने उसकी पहचान करने में पुलिस की मदद की। जांच के लिए डीआइजी के निर्देश पर 11 सदस्यीय एसआईटी गठित की गई थी। टीम ने आसपास के चार गांवों के करीब 500 लोगों से पूछताछ की। संदिग्ध गतिविधियां सामने आने के बाद आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया।
पुलिस ने बताया कि 10 अक्टूबर को घटना के विरोध में मधुबन चौक पर हुए जाम में आरोपी भी शामिल था और हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहा था।
एसपी ने कहा कि मामले में स्पीडी ट्रायल के जरिए आरोपी को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर पीड़िता और उसके परिवार की पहचान उजागर करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही।
Read Also: SDM कोर्ट में सीनियर IPS और पत्रकार आमने-सामने, सरकारी गाड़ी से रास्ता रोकने पर बढ़ा विवाद

