
Jamshedpur : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय जमशेदपुर में आगजनी की बढ़ी घटना हो गई। आजाद नगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित रोड नंबर 17 में देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। खान कॉम्प्लेक्स स्थित एक दुकान (99 स्टोर) में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और इमारत के हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में शोरूम में रखे सामान के साथ दोपहिया वाहन और कार भी जल गए।
घटना रविवार को रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने के बाद आजाद नगर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। आग तेजी से फैलने के कारण इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
दुकान मालिक इम्तियाज के अनुसार, अगलगी में करीब 8 से 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन जांच और क्षति के आकलन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
दमकल की गाड़ी देर से पहुंचने पर लोगों में नाराजगी
आग लगने की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब 45 मिनट बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। उनका कहना था कि इस दौरान आग लगातार फैलती रही, जिससे नुकसान बढ़ गया। बताया गया कि आग पर काबू पाने में करीब चार घंटे लगे।
आग लगने के कारणों की जांच
फिलहाल आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से आग लगी, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur Accident : बोड़ाम में सड़क हादसे में बाइक सवार चालक की मौत, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

