
Palamu : झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पतरा कला गांव में कुएं में डूबने से 35 वर्षीय किसान अंबेडकर कुमार पासवान की मौत हो गई। वह रविवार सुबह खेत में सब्जियों की सिंचाई करने गए थे। सोमवार शाम को गांव के एक कुएं से उनका शव बरामद किया गया। मंगलवार, 20 अक्टूबर को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।
खेत में सिंचाई करने गए थे किसान
जानकारी के अनुसार, पतरा कला गांव निवासी स्वर्गीय रामानंदन पासवान के पुत्र अंबेडकर कुमार पासवान रविवार सुबह घर से खेत में पटवन करने निकले थे। वह खेत के पास स्थित कुएं से बाल्टी और रस्सी की मदद से पानी निकालकर सब्जियों की सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से कुएं में गिरने की आशंका जताई जा रही है।
देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन अंबेडकर का कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने हुसैनाबाद थाने में लिखित सूचना देकर पुलिस को मामले की जानकारी दी।
कुएं में मिला शव, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
सोमवार शाम गांव की एक महिला ने कुएं में शव देखा। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद भेज दिया गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
त्योहार के बीच परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अंबेडकर कुमार पासवान की मौत से पतरा कला गांव में शोक की लहर है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। दशहरा के मौके पर हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। गांव के लोग भी किसान की असमय मौत से गमगीन हैं।
Read Also Plamu Police Action : पलामू में माधुरी जंगल से 1.20 लाख के ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

