Home » Jamshedpur Rail News : टाटानगर से जयपुर की नई ट्रेन का रेल मंत्री व सीएम शुभेंदु अधिकारी ने ऑनलाइन हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, जानें रेलवे ने कितने नए प्रोजेक्ट का किया एलान

Jamshedpur Rail News : टाटानगर से जयपुर की नई ट्रेन का रेल मंत्री व सीएम शुभेंदु अधिकारी ने ऑनलाइन हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, जानें रेलवे ने कितने नए प्रोजेक्ट का किया एलान

यह ट्रेन लगभग 1,677 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसके मार्ग में टाटानगर के अलावा चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टुंडला, आगरा, बांदीकुई और दौसा समेत कई स्टेशन शामिल हैं।

by Mujtaba Haider Rizvi
jamshedpur jaipur new train
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : कोलकाता के संतरागाछी से जयपुर के खातिपुरा रेलवे स्टेशन तक जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन का सोमवार को शुभारंभ हो गया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ऑनलाइन कार्यक्रम में इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर हुए ऑनलाइन कार्यक्रम में संतरागाछी, जयपुर और टाटानगर रेलवे स्टेशन भी जुड़े। रेल मंत्रालय में रेल मंत्री मौजूद थे। इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी जुड़े थे। कार्यक्रम की शुरुआत जयपुर रेलवे स्टेशन पर भाजपा की जयपुर सांसद मंजू शर्मा के भाषण से हुई। इसके बाद पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में यात्रियों को सुविधा देने के लिए आधारभूत संरचना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि कोलकाता से थोड़ी दूर स्थित कलाईकुंडा में सिविल एयरपोर्ट बन कर तैयार हो गया है। कुछ महीने के अंदर यहां से यात्री हवाई जहाज उड़ान भरने लगेंगे।

132 करोड़ रुपये की लागत से बर्मामाइंस में बनेगा सिग्नेचर ब्रिज

उनके भाषण के बाद टाटानगर से जमशेदपुर के भाजपा सांसद विद्युत वरण महतो जुड़े। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर रेलवे जमशेदपुर में वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा। यहां 348 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे स्टेशन का कायाकल्प होगा। बर्मामाइंस में 132 करोड़ रुपये की लागत से सिग्नेचर ब्रिज बनेगा। सुंदरनगर के पास कुदादा में 50 करोड़ रुपये की लागत से नया रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा। चांडिल से पटमदा, बांदवान होते हुए झाड़ग्राम तक नई रेल लाइन के लिए सर्वे कराया जा रहा है। इसके लिए रेल मंत्रालय साढ़े तीन करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। सांसद ने रेल मंत्री से मांग की कि अब टाटानगर से बेंगलुरू के लिए भी एक ट्रेन चलाई जाए।

रेल मंत्री बोले- हमने झारखंड का रेल बजट 16 गुना बढ़ाया

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि टाटानगर को जयपुर से जोड़ने की मांग 35 साल पुरानी है। जब भाजपा सरकार बनी तो इस पर काम शुरू हुआ। जयपुर में काफी काम चल रहा है। इसलिए खातिपुरा में नया रेलवे स्टेशन बनाया गया और तब इस ट्रेन को चलाने की प्रक्रिया शुरू हुई। सभी कार्रवाई पूरी होने के बाद आज यह ट्रेन संतरागाछी से चल कर टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंच गई है। यह ट्रेन अब जयपुर के लिए चलेगी। रेल मंत्री ने कहा कि जब भाजपा सरकार बनी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कहने पर झारखंड का रेलवे का बजट 166 गुना बढ़ा दिया गया। पहले झारखंड का बजट 450 करोड़ रुपये था। इसे बढ़ा कर साढ़े सात हजार करोड़ रुपये कर दिया गया।

पश्चिम बंगाल के सीएम ने मांगी गंगासागर तक के लिए नई ट्रेन

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार में विकास तेजी से हो रहा है। पश्चिम बंगाल में अब डबल इंजन की सरकार है। उन्होंने रेल मंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि वह ज्यादा आवाज नहीं करते ज्यादा काम करते हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु ने कहा कि भाजपा सरकार में कोलकाता में मेट्रो रेल चलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने रेलवे के सात बड़े प्रोजेक्ट रोक कर रखे गए थे। नई सरकार बनने के बाद छह महीने के अंदर ही सभी रेलवे प्रोजेक्ट के लिए जमीन देने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में 20 लाख के करीब राजस्थानी परिवार को इस ट्रेन के चलने से फायदा होगी। उन्होंने गंगासागर तीर्थ को रेलवे जोड़ने की मांग की। पश्चिम बंगाल के सीएम ने कहा कि राज्य सरकार यहां ब्रिज बना रही है। साल 2029 तक ब्रिज बन कर तैयार हो जाएगा।

टाटानगर से रात 10:50 बजे पहुंचेगी ट्रेन

रेलवे बोर्ड की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 18061 संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस टाटानगर स्टेशन पर रात 10:50 बजे पहुंचेगी और 11:05 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 18062 खातीपुरा-संतरागाछी एक्सप्रेस दोपहर 3:05 बजे टाटानगर पहुंचेगी और पांच मिनट बाद 3:10 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन लगभग 1,677 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसके मार्ग में टाटानगर के अलावा चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टुंडला, आगरा, बांदीकुई और दौसा समेत कई स्टेशन शामिल हैं।

खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

नई ट्रेन के परिचालन से झारखंड के यात्रियों को राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों तक पहुंचने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। खासकर खाटू श्याम मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को इससे लाभ हो सकता है। खातीपुरा जयपुर का उपनगरीय रेलवे स्टेशन है, जहां से जयपुर शहर की दूरी करीब 17 किलोमीटर बताई जाती है। इस ट्रेन से टाटानगर का सीधा रेल संपर्क जयपुर क्षेत्र से स्थापित होगा। प्रयागराज, कानपुर और आगरा जैसे शहरों के यात्रियों को भी इस सेवा से लाभ मिलने की संभावना है।

सप्ताह में एक दिन चलेगी ट्रेन

रेलवे बोर्ड के दस्तावेज के मुताबिक, ट्रेन का परिचालन साप्ताहिक आधार पर प्रस्तावित है। संतरागाछी से यह ट्रेन बुधवार को और खातीपुरा से शुक्रवार को चलाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। ट्रेन में एलएचबी रैक का इस्तेमाल होगा, जबकि इसके रखरखाव की जिम्मेदारी संतरागाछी को दी गई है। हालांकि, टाटानगर से होकर गुजरने वाली इस ट्रेन के नियमित परिचालन की विस्तृत व्यवस्था और स्थानीय स्तर पर इसकी शुरुआत से संबंधित जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक सूचना को अंतिम आधार माना जाना चाहिए।

Read also Giridih By-Election : झामुमो के लिए नाक का सवाल बनी गिरिडीह सीट, सुदिव्य की पत्नी को उतार सकती है पार्टी

Related Articles

Leave a Comment