
चाईबासा : चक्रधरपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय में भूगोल ऑनर्स के विद्यार्थियों की पढ़ाई शिक्षकों की कमी के कारण प्रभावित हो रही है। इसे लेकर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने मोर्चा खोलते हुए कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की है।
एनएसयूआई के पश्चिमी सिंहभूम जिला उपाध्यक्ष सतीश बोदरा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि भूगोल विभाग में प्राध्यापकों की भारी कमी के चलते नियमित कक्षाएं नहीं हो पा रही हैं। समय पर पाठ्यक्रम पूरा होना मुश्किल हो रहा है, जिससे परीक्षा की तैयारी और परिणाम पर बुरा असर पड़ने की आशंका है।
स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति या वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की
सतीश बोदरा ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। विभाग में पर्याप्त और योग्य शिक्षकों की नियुक्ति जरूरी है ताकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति या वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की।
विश्वविद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में मौजूद रहे छात्र-छात्राएं
इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे और उन्होंने इस मांग का समर्थन किया। विद्यार्थियों ने उम्मीद जताई कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रहित में जल्द सकारात्मक कदम उठाएगा।

