Home » Chaibasa News : जेटेट परीक्षा के सफल एवं कदाचार मुक्त संचालन को लेकर डीसी व एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

Chaibasa News : जेटेट परीक्षा के सफल एवं कदाचार मुक्त संचालन को लेकर डीसी व एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

अभ्यर्थियों के प्रवेश, बैठक व्यवस्था एवं उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और कदाचार मुक्त तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों पर उपलब्ध आधारभूत संरचना, मूलभूत सुविधाएं, विद्यालय परिसर की स्थिति और अभ्यर्थियों के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली।

अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, मुख्य द्वार पर जांच व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की स्थिति और सीटिंग अरेंजमेंट की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुसार सुनिश्चित की जाएं। अभ्यर्थियों के प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्ति तक पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग करते हुए अभ्यर्थियों को सभी जरूरी सुविधाएं दी जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

वहीं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस पदाधिकारी और कर्मी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखें।

जिला प्रशासन का लक्ष्य परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराना है, ताकि सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।

इस मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Read Also Chaibasa News : नोवामुंडी वन क्षेत्र में दर्दनाक दुर्घटना : कुंए में गिरने से हाथी की हुई मौत

Related Articles

Leave a Comment