
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र में स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने चंद दिनों में ही सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना में संलिप्त एक 19 वर्षीय युवक को धर दबोचा है, जिसकी निशानदेही पर चोरी गए कुल 35 मोबाइल फोन और 2 ब्लूटूथ स्पीकर सुरक्षित बरामद कर लिए गए हैं।
क्या था पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुवा के रेलवे मार्केट स्थित ‘सुभाष मोबाइल स्टोर’ के संचालक सुभाष कुमार सिंह पिता स्व. बलराम सिंह, निवासी ऊपर थोड़़ा, गुवा ने 26 अक्टूबर 2026 की रात दुकान में हुई चोरी की सूचना पुलिस को दी थी। चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर मरम्मत के लिए आए 35 मोबाइल फोन और दो ब्लूटूथ स्पीकर चुरा लिए थे। इस संबंध में दुकान मालिक के लिखित आवेदन पर गुवा थाना में कांड संख्या- 30/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनी टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के मार्गदर्शन में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि शक्ति नगर निवासी करन गोप ने इस चोरी को अंजाम दिया है और सारा चोरी का सामान अपने घर के पीछे झाड़ियों में छुपा कर रखा है।
ऐसे पकड़ा गया चोर
सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए छापेमारी दल ने 28 अक्टूबर 2026 को आरोपी करन गोप उम्र- 19 वर्ष, पिता स्व. सनिका गोप, निवासी शक्ति नगर के घर दबिश दी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर के पीछे झाड़ियों से छिपाकर रखे गए सभी 35 रिपेयरिंग वाले मोबाइल और 2 ब्लूटूथ स्पीकर बरामद कर लिए।दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी करन गोप का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी चोरी के एक मामले गुवा बड़ाजामदा ओपी कांड सं- 27/25 में जेल जा चुका है।
छापेमारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल
इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली टीम में किरीबुरू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनीत कुमार किडो, गुवा थाना प्रभारी सह पुलिस अवर निरीक्षक नीतीश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक बिनोद बेक, गणेश शंकर गौड़ और अन्य सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

