
जमशेदपुर: कोल्हान विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्रों का समय पर संचालन एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। विश्वविद्यालय में लगातार पांचवें सत्र में भी एलएलबी नामांकन प्रक्रिया निर्धारित समय से काफी पीछे चल रही है। सत्र 2026-2029 के तहत तीन वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा की अधिसूचना आखिरकार नवंबर में जारी की गई है। जबकि सामान्य तौर पर यह प्रक्रिया मई-जून में शुरू हो जानी चाहिए थी। करीब पांच महीने की इस देरी ने एक बार फिर विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली और शैक्षणिक कैलेंडर पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसका सीधा असर उन विद्यार्थियों पर पड़ सकता है, जो कानून की पढ़ाई कर अपना करियर बनाना चाहते हैं।
कोल्हान विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज में तीन वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम के लिए कुल 120 सीटों पर नियमित मोड में नामांकन लिया जाएगा। इसके लिए योग्य अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
6 से 25 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.kolhanuniversity.ac.in और kuuniv.in के माध्यम से 6 नवंबर 2026 से 25 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन पूरा करने के बाद उसका प्रिंट आउट और सभी जरूरी दस्तावेजों की हार्ड कॉपी पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट से भेजना अनिवार्य होगा। आवेदन की हार्ड कॉपी 30 नवंबर 2026 को शाम 4:30 बजे तक परीक्षा नियंत्रक, कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा के कार्यालय में पहुंच जानी चाहिए।
स्नातक में 45 प्रतिशत अंक जरूरी
नामांकन के लिए सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के स्नातक में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक होने चाहिए। वहीं एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम अर्हता 40 प्रतिशत निर्धारित की गई है। आवेदन शुल्क सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए 600 रुपये तथा एससी-एसटी उम्मीदवारों के लिए 500 रुपये रखा गया है।
100 अंकों की होगी प्रवेश परीक्षा
प्रवेश परीक्षा जमशेदपुर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा की अवधि एक घंटे होगी और इसमें 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न दो अंकों का होगा। इस तरह परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। राहत की बात यह है कि गलत उत्तर देने पर कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। प्रश्नपत्र में जनरल अवेयरनेस से 40 अंक, भाषाई योग्यता से 20 अंक तथा रीजनिंग और लीगल एक्यूमेन से 40 अंकों के प्रश्न शामिल होंगे।
नौकरीपेशा अभ्यर्थियों के लिए स्टडी लीव सर्टिफिकेट अनिवार्य
विश्वविद्यालय ने नौकरी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी विशेष शर्त रखी है। ऐसे उम्मीदवारों को आवेदन के साथ अपने नियोक्ता से जारी स्टडी लीव सर्टिफिकेट जमा करना होगा। इसके बिना नामांकन की प्रक्रिया में परेशानी हो सकती है।

