
Jamshedpur : छत्तीसगढ के कबीरधाम जिले में आभूषण कारोबारी वेद प्रकाश सोनी से लूटे गए एक किलो चांदी के आभूषण जुगसलाई से बरामद हुए हैं। लूट की घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों ने यह जेवरात जुगसलाई में एक दुकानदार को बेचे थे। छत्तीसगढ़ पुलिस ने जुगसलाई थाना पुलिस की मदद से बुधवार को जुगसलाई में छापेमारी कर आभूषण की खरीद करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
27 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में हुई थी लूट की घटना
अब उसे छत्तीसगढ़ ले जाने की तैयारी चल रही है। बताते हैं कि कबीरधाम जिले के पांडातराई के रहने वाले आभूषण कारोबारी वेद प्रकाश सोनी के साथ 27 अक्टूबर को लूट की घटना हुई थी। वह छत्तीसगढ़ के ही तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र के मछरीरेवार मंदिर घाटी से गुजर रहे थे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया था और उनकी डंडों से पिटाई कर उनके पास मौजूद चांदी के जेवरात लूट लिए थे।
इस मामले में पहले ही तीन लोगों को किया गया था गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनसे 11.9 किलोग्राम चांदी के गहने बरामद किए गए थे। इनसे पूछताछ में पता चला की लूट का कुछ और सामान जुगसलाई में बेचा गया है। इसके बाद पुलिस एक आरोपी को लेकर जुगसलाई आई और यहां छापामारी की गई। छत्तीसगढ़ की पुलिस का कहना है कि जिसने यह जेवरात खरीदे थे उसे भी पकड़ कर छत्तीसगढ़ ले जाया जाएगा। उससे पूछताछ की जाएगी कि जेवरात की खरीद बिक्री में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

