Home » मैं ममता बनर्जी को देश का अगला प्रधानमंत्री बनते देखना चाहता हूं: शत्रुघ्न सिन्हा

मैं ममता बनर्जी को देश का अगला प्रधानमंत्री बनते देखना चाहता हूं: शत्रुघ्न सिन्हा

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

 

पटना: जाने माने फिल्म अभिनेता व सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि वह पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को देश का अगला प्रधानमंत्री बनते देखना पसंद करेंगे। सिन्हा का यह बयान उस सवाल के जवाब में आया जब उनसे पूछा गया कि वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में कैसे देखते हैं।

उन्होंने यहां पीटीआई-भाषा को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘यह देश के लिए बहुत अच्छा होगा कि ऐसे समय में जब हमारे पास राष्ट्रपति के रूप में एक महिला हैं, तो प्रधानमंत्री के रूप में भी एक महिला ही हों। ममता बनर्जी जैसी तेजतर्रार नेता, जिनके पास जनाधार है, इस स्थिति में उपयुक्त रहेंगी।’’ विदित हो कि पूर्व केंद्रीय मंत्री सिन्हा तृणमूल कांग्रेस के सांसद हैं जबकि ममता बनर्जी पार्टी की अध्यक्ष हैं।

इंडिया में प्रतिभवान नेताओं की कमी नहीं: 

 

पश्चिम बंगाल के आसनसोल से सांसद सत्रुघ्न सिन्हा ने लगे हाथ यह भी कहा, ‘‘प्रधानमंत्री कौन होगा, यह निर्णय उचित समय पर लिया जाएगा। मेरा कहना यह है कि विपक्षी गठबंधन यानी की ‘इंडिया’ में प्रतिभावान नेताओं की कोई कमी नहीं है।’’ कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और जनता दल (युनाईटेड) सहित अन्य विपक्षी दलों ने अपने गठबंधन का नाम ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्कलूसिव अलायंस’ रखा है।

सिन्हा ने कहा, ‘‘हमारे पास युवा और प्रतिभावान राहुल गांधी हैं, जिनमें देश अपना भविष्य देखता है। हमारे पास आधुनिक समय के चाणक्य शरद पवार हैं और निश्चित रूप से हमारे पास तेजतर्रार जननेता ममता बनर्जी हैं। इसके विपरीत, भाजपा के नेतृत्व वाले राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) के पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अलावा कोई नहीं है।’’

 

जानिए राहुल गांधी के फ्लाइंग किस पर क्या कहा शॉट गन ने: 

 

लोकसभा में ‘फ्लाइंग किस’ को लेकर हुए हालिया विवाद पर सिन्हा ने कहा कि वह केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी द्वारा राहुल गांधी पर लगाए गए आरोप से हैरान हैं।

उन्होंने कहा कि अभिनय पेशे में एक वरिष्ठ के रूप में वह मेरा बहुत सम्मान करती हैं, हालांकि मेरी तरह वह कभी फिल्मों में नहीं आईं और टीवी धारावाहिकों तक ही सीमित रहीं। उन्होंने कहा कि लोकसभा में जिस वक्त की यह घटना बताई जा रही है, उस समय वह खुद सदन में मौजूद थे। तृणमूल कांग्रेस के नेता ने उर्दू शे’र ‘कुछ तो मजबूरियां रही होंगी, यूं ही कोई बेवफा नहीं होता’ को दोहराते हुए कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ था। मुझे आश्चर्य होता है कि ईरानी ने क्यों ऐसे आरोप लगाए।

मणिपुर पर बहुत देर से बोले पीएम: सिन्हा

 

सांसद सिन्हा ने संसद में अविश्वास प्रस्ताव के जवाब में दिए गए भाषण को लेकर भी प्रधानमंत्री की आलोचना की। उन्होंने शायराना अंदाज में कहा, ‘‘बहुत देर कर दी मेहरबां आते-आते।’’

ऐसा प्रतीत होता है कि प्रधानमंत्री अपने गृह मंत्री (अमित शाह) के साथ प्रतिस्पर्धा में लगे हुए थे, जिन्होंने दो घंटे तक भाषण दिया था। इसलिए प्रधानमंत्री ने जो भाषण दिया वह और भी लंबा था।’’

‘शॉटगन’ उपनाम से पहचाने जाने वाले सिन्हा ने एक और कविता पढ़ी जिसका इस्तेमाल वह अक्सर राजग सरकार का उपहास करने के लिए करते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘तू इधर-उधर की न बात कर ये बता कि काफिला क्यूं लुटा, मुझे रहजनों से गिला नहीं तिरी रहबरी का सवाल है।’’

एम्स पर नितिश कुमार व तेजस्वी की आपत्ति वाजिब:

मूल रूप से बिहार के रहने वाले सत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव द्वारा दरभंगा में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बन जाने संबंधी प्रधानमंत्री की टिप्पणी पर दर्ज की गई आपत्ती ‘बिल्कुल वाजिब’ है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री का दावा इतिहास में उस नेता की एक और गलती के रूप में दर्ज हो सकता है, जिसने सिकंदर के गंगा तट पर पहुंचने तथा कबीर और नानक के गोरखपुर में मिलने की बात कही थी। बेशक, प्रधानमंत्री बनने से आप विद्वान नहीं बन जाते। लेकिन मुझे आश्चर्य है कि किस तरह के लोग उन्हें जानकारी देते हैं। मुझे यह भी आश्चर्य है कि जब उन्हें मुद्दों के बारे में जानकारी दी जाती है तो क्या वह ध्यान से सुनते हैं।’’

 

हमारे समय में 6 नए एम्स स्थापित हुए:

सिन्हा ने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के रूप में अपने छोटे कार्यकाल का परोक्ष संदर्भ देते हुए कहा, ‘‘यह सच है कि हमारे समय में छह नए एम्स स्थापित किए गए थे।’’

READ ALSO : जमशेदपुर : मेरी माटी मेरा देश का पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास व बीजेपी सांसद विद्युत वरण महतो ने किया शुभारंभ, जानें क्यों आदिवासी समाज ने जताई आपत्ति

ममता पर टिप्पणी से आहत दिखे शॉटगन

शॉटगन के नाम से महसहूर सांसद सत्रुघ्न सिन्हा ने ममता बनर्जी पर मोदी के ‘खूनी खेल’ तंज की भी निंदा की और दावा किया कि यह पंचायत चुनाव में भाजपा को मिली हार पर निराशा को दर्शाता है’। पंचायत चुनावों में तृणमूल कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज की थी। उन्होंने कहा कि हम ममता बनर्जी का आदर करते हैं और उन्हें दीदी कहते हैं। जब देश रक्षाबंधन उत्सव की तैयारी कर रहा है उनके बारे में यह कहना कितनी भद्दी बात है। उन्होंने कहा कि ‘‘जब प्रधानमंत्री को ‘मौत का सौदागर’ कहा गया था तो वे बहुत परेशान हो गए, लेकिन वह जो चाहें कहकर बच जाना चाहते हैं।’’ यह सही नहीं है।

Related Articles