
सरायकेला : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत राजनगर थाना क्षेत्र के जुमाल गांव में सोमवार को दोपहर में वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान गाउरा मुर्मू (45) के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक व्याप्त है।
खेत में काम करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गाउरा मुर्मू सोमवार को अपने खेत में धान की रोपाई कर रही थी। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश के साथ आंधी शुरू हो गई। इसी बीच तेज गर्जना के साथ ठनका गिरा और उसकी जद में गाउरा आ गईं। वज्रपात इतना तेज था कि उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह वहीं गिर पड़ी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए
घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग दौड़कर खेत पहुंचे। महिला को मृत देख सभी स्तब्ध रह गए। सूचना पर राजनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला स्थित सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अचानक हुई इस मौत से गाउरा के परिजन गहरे सदमे में हैं। घर में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि गाउरा मेहनती और मिलनसार स्वभाव की थी। मानसून में खेती का काम निपटाने के लिए वह खेत गई थी, लेकिन ठनका ने उसकी जान ले ली। प्रशासन ने परिजनों को आपदा राहत के तहत सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है। वहीं ग्रामीणों ने बारिश के मौसम में खेतों में काम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

