घाटशिला : धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनाखून गांव के पास एनएच 18 फोरलेन पर शुक्रवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवक दीपक सोरेन की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने युवक को उठाकर अनुमंडल अस्पताल घाटशिला पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, दीपक शुक्रवार को चाकुलिया अपने रिश्तेदार के घर गया था और वापसी के दौरान यह दुर्घटना हुई। मृतक दीपक सोरेन पोटका थाना क्षेत्र के सानग्राम पंचायत के हेसागोड़ा गांव का निवासी था। वह घनश्याम सोरेन का एकलौता पुत्र था और उसके परिवार में दो बेटियां हैं। दीपक घाटशिला के कसीदा में रहकर स्नातक की पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद, शनिवार को दीपक के परिवार वाले अनुमंडल अस्पताल घाटशिला पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर पोटका जाने की तैयारी की।


