जमशेदपुर : इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) जमशेदपुर शाखा का चुनाव आठ अक्टूबर को होना है। इसे लेकर चिकित्सकों में हलचल तेज हो गई है। रविवार को आइएमए की ओर से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा गया है कि चुनाव को लेकर 17 सितंबर से नामांकन शुरू होगा।
जिले में करीब 1200 डॉक्टर इस चुनाव में भाग लेंगे। अध्यक्ष, सचिव, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष समेत कुल 28 पदों के लिए चुनाव होने हैं। इसमें पुरुष सदस्य 18 और महिला सदस्य के दो पद भी शामिल हैं। 17 सितंबर से प्रत्याशियों का नामांकन शुरू होगा, जो 26 सितंबर रात 8 बजे तक होगा। 27 सितंबर से 30 सितंबर की शाम 5 बजे तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकते हैं।
एक अक्टूबर को प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित होगी और 8 अक्टूबर को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इसी दिन शाम में वोटों की गिनती भी होगी और उसके बाद विजयी प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की जायेगी। यह मतदान 2023-25 के लिए हो रहा है।
चुनाव कराने के लिए गठित समिति में डॉ. उमाशंकर सिंह, डॉ. विनय रंजन, डॉ. आरएन प्रसाद, डॉ. नीरज प्रसाद और डॉ. उन्मेश लुकतुके शामिल हैं। वहीं, वर्तमान में आइएमए के अध्यक्ष डा. जीसी माझी व सचिव डा. सौरभ चौधरी हैं। वर्तमान अध्यक्ष डा. जीसी माझी फिर से चुनाव लड़ने के मूड में हैं तो वहीं, सचिव डा. सौरभ चौधरी संशय की स्थिति में हैं।
READ MORE: पिछले 70 सालों से ठगे जा रहे पसमांदा मुस्लिम, अब भाजपा लड़ रही है इनके हक की लड़ाई: रणधीर

