Jamshedpur :बहरागोड़ा के पानीपाड़ा-नागुडसाईं स्थित स्वर्णरेखा नदी तट पर मिले शक्तिशाली बम को आज बुधवार को भारतीय सेना द्वारा नष्ट किया जाएगा। पिछले छह दिनों से दहशत में जी रहे इलाके के लोगों को आज राहत मिलने की उम्मीद है। सेना की बम निरोधक टीम ने पूरी तैयारी के साथ नियंत्रित विस्फोट की योजना बनाई है।
6 दिन पहले नदी में मिला था द्वितीय विश्व युद्ध कल का अमेरिकी बम
करीब छह दिन पहले स्थानीय ग्रामीण नदी में मछली पकड़ रहे थे, तभी उन्हें यह विशाल बम दिखाई दिया। सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद सेना की विशेष टीम मौके पर पहुंची और लगातार निरीक्षण कर स्थिति का आकलन किया।सुरक्षित विस्फोट के लिए सेना तैयार सेना ने विस्फोट के प्रभाव को सीमित रखने के लिए वैज्ञानिक तरीके अपनाए हैं। जेसीबी की मदद से गहरा गड्ढा खोदा गया है, जिसमें बालू से भरे बोरे रखे गए हैं। इन्हीं के बीच बम को सावधानी से स्थापित किया गया है, ताकि विस्फोट का असर जमीन के भीतर ही सीमित रहे।डेटोनेटर के जरिए रिमोट कंट्रोल से इस बम को उड़ाया जाएगा।
1 किलोमीटर क्षेत्र से ग्रामीणों को हटाया गया
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने ब्लास्ट साइट के चारों ओर लगभग एक किलोमीटर का दायरा पूरी तरह सील कर दिया है। आसपास के ग्रामीणों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों, खासकर पंचायत भवन में शिफ्ट किया गया है।घाटशिला के एसडीपीओ अजित कुमार कुजूर ने बताया कि सेना बम को निष्क्रिय करने के बजाय नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट करती है।
विस्फोट के बाद भी रहेगी निगरानी
ब्लास्ट के बाद धुआं और तेज आवाज के साथ बम का मलबा बालू में मिल जाएगा। अतिरिक्त सुरक्षा के तहत उस स्थान को जलाकर पूरी तरह साफ किया जाएगा, ताकि कोई खतरनाक अवशेष न बचे।साथ ही, सेना कुछ सैंपल अपने साथ ले जाकर जांच एजेंसियों को सौंपेगी, जिससे बम के प्रकार और उसके स्रोत का पता लगाया जा सके।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनुमति मिलने तक नदी तट की ओर न जाएं और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

