
स्पेशल डेस्क, नई दिल्ली : किसान आंदोलन के बीच भारतीय किसान यूनियन ने मजदूर यूनियनों के साथ मिलकर 16 फरवरी को भारत बंद (Bharat Band) का ऐलान किया है। इसके बाद गाजियाबाद में यूपी गेट पर और ज्यादा चौकसी बढ़ गई है। किसानों की मानें, तो वे इस दिन बॉर्डर पर जरूर पहुंचेंगे। इसी को देखते हुए बुधवार को दिल्ली पुलिस फ्लाईओवर से ऊपर वाले रास्ते पर भी तैयारियां करती नजर आई। सभी बैरिकेड जो आसानी से हाथों से हटाए जा सकते थे, उन्हें कंटीले तारों से आपस में जोड़ दिया गया, ताकि वे हिल न सकें।
सूत्रों ने बताया कि 15 फरवरी को यूपी गेट के ऊपर से जाने वाली एक और लेन को पूरी तरह से बंद किया जा सकता है। वहीं, बुधवार को केवल सुबह के समय यूपी गेट पर थोड़ा ट्रैफिक देखने को मिला, 10 बजे के बाद ट्रैफिक सामान्य रहा।
16 फरवरी को भारत बंद (Bharat Band)
यूपी गेट पर दिल्ली में किसानों के प्रवेश को देखते हुए फ्लाईओवर के बगल से गुजरने वाले रास्ते पर दिल्ली पुलिस ने दो दिन से बैरिकेडिंग कर रखी है। सीमेंट और कटीले तारों से रास्ते को बंद करके रखा गया है। वहीं, 16 फरवरी को किसानों ने अपनी अनगिनत मांगों को लेकर भारत बंद का ऐलान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने अन्य किसान संगठनों और किसानों से इस भारत बंद में शामिल होने का अनुरोध किया है।
सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा बंद
संयुक्त किसान मोर्चा और अन्य ट्रेड यूनियनों की ओर से बुलाया गया भारत बंद 16 फरवरी को सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक जारी रहेगा। भारत बंद का आह्वान तब किया गया है, जब पंजाब से मार्च कर रहे सैकड़ों किसानों को दिल्ली से लगभग 200 किलोमीटर दूर अंबाला के पास हरियाणा के साथ राज्य की सीमा पर रोक दिया गया है। हरियाणा सुरक्षा बलों ने उन्हें तितर-बितर करने की कोशिश करने के लिए उन पर आंसू गैस का इस्तेमाल किया है।
स्कूल संचालन को लेकर नहीं आया कोई निर्देश
किसान दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच देश भर में मुख्य सड़कों पर बड़े पैमाने पर चक्का जाम में शामिल होंगे। अधिकांश राज्य और राष्ट्रीय राजमार्ग चार घंटे के लिए बंद रहेंगे। इस दिन गांवों में सभी कृषि गतिविधियां, मनरेगा और ग्रामीण कार्य बंद रहेंगे। कोई भी किसान, कृषि श्रमिक या ग्रामीण श्रमिक उस दिन काम नहीं करेगा। अभी तक सरकार या स्कूल प्रशासन द्वारा स्पष्ट नहीं हुआ है कि स्कूलों के संचालन पर किसान आंदोलन व भारत बंद का क्या असर पड़ेगा।
जब तक कोई निर्देश नहीं आता है, तब तक छात्र तय शेड्यूल के अनुसार ही चलेंगे। किसानों का कहना है कि भारत बंद के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट, प्राइवेट दफ्तर, गांव की दुकानों के साथ ही कृषि गतिविधियां और मनरेगा के तहत काम भी बंद रहेगा। इसके साथ ही ग्रामीण इलाकों में इंडस्ट्रियल एक्टिविटी को भी बंद रखा जाएगा। किसान संगठनों का कहना है कि बंद के दौरान एंबुलेंस, शादी वाले वाहन परीक्षा देने जा रहे छात्रों, मेडिकल दुकानें प्रभावित नहीं होगा।
भारत बंद के दौरान क्या बैंक बंद रहेंगे?
फिलहाल, बैंक कल खुले रहेंगे और सामान्य रूप से काम करेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक के अवकाश मैट्रिक्स में यह भी कहा गया है कि बैंक खुले रहेंगे। फरवरी महीने में भारत में बैंक 10 दिन बंद रहेंगे। इन छुट्टियों में दूसरे और चौथे शनिवार के अलावा रविवार भी शामिल है। हालांकि, कुछ छुट्टियां राज्य-विशिष्ट हैं। यानी, केवल कुछ ही राज्य या क्षेत्र ऐसी तारीखों पर बैंक छुट्टियां मनाते हैं। किसान देशभर के प्रमुख मार्गों पर चक्का जाम करना चाहते हैं। भारत बंद के दौरान किसान पंजाब रोडवेज को चार घंटे के लिए बंद करना चाहते हैं।

