
चाईबासा : सदर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम इलाकों में शामिल जैन चौक के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा के बाहर से मंगलवार को दिनदहाड़े एक नई साइकिल चोरी होने का मामला सामने आया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, टुंगरी निवासी धर्मेंद्र गोप मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बैंक ऑफ इंडिया में पैसे निकालने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी नई साइकिल को बैंक के नीचे खड़ी कर उसमें ताला लगाया और बैंक के अंदर चले गए। बैंक से पैसे निकालने के बाद वह बगल की एक दुकान से कुछ सामान खरीद रहे थे।
साइकिल का ताला तोड़कर तेजी से फरार हो गया युवक
इसी दौरान एक युवक उनकी साइकिल का ताला तोड़कर तेजी से लेकर भागने लगा। धर्मेंद्र गोप ने जब अपनी साइकिल को ले जाते देखा तो शोर मचाया और चोर को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह तेज रफ्तार से साइकिल लेकर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने भी उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पीड़ित धर्मेंद्र गोप ने बताया कि उन्होंने यह साइकिल करीब एक माह पहले ही खरीदी थी। उनका कहना है कि वह एक गरीब परिवार से आते हैं और रोजमर्रा के काम तथा आने-जाने के लिए इसी साइकिल का उपयोग करते थे। नई साइकिल चोरी हो जाने से उन्हें आर्थिक और दैनिक जीवन दोनों स्तर पर बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
एक सप्ताह पहले इसी जगह एक व्यवसायी से 1.65 लाख रुपये की हुई थी ठगी
घटना की सूचना तत्काल जैन चौक पर तैनात पुलिसकर्मियों को दी गई। इसके बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें कथित चोर का चेहरा दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। गौरतलब है कि इसी स्थान पर पिछले सप्ताह पहले भी शहर के एक व्यवसायी से 1 लाख 65 हजार रुपये की ठगी की घटना हुई थी।


