RANCHI: भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू की अध्यक्षता में नव नियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की पहली बैठक हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित थे। बैठक का उद्देश्य नई टीम को परिचित कराना और आगामी राजनीतिक व सांगठनिक योजनाओं पर चर्चा करना था। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि यह पद नहीं बल्कि जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को टीम भावना के साथ धरातल पर उतारने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि देश में पिछले 12 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की मुख्यधारा सभी वर्गों तक पहुंच रही है, लेकिन झारखंड की जनता वर्तमान राज्य सरकार से असंतुष्ट है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से राज्य सरकार की नकारात्मक नीतियों को जनता के सामने लाने और 2029 में झारखंड में डबल इंजन सरकार बनाने का संकल्प पूरा करने का आह्वान किया।
हेमंत सरकार जनविरोधी : बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार जनविरोधी है और जनता इस सरकार से त्रस्त है। उन्होंने नव गठित टीम को राज्य सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए संकल्पित होने का संदेश दिया। संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और लगातार सांगठनिक दौरे करने के निर्देश दिए। बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती संगठन स्तर पर मनाई जाएगी। 17 अप्रैल को बिजली मुद्दे पर राज्यव्यापी प्रदर्शन होगा, जिसमें बिजली कटौती, दर वृद्धि और बिल विसंगतियों को लेकर जनता की समस्याओं को सामने लाया जाएगा। इसके बाद पानी के मुद्दे पर भी आंदोलन की योजना बनाई जाएगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री और अन्य पदाधिकारी बैठक में उपस्थित रहे। प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने मीडिया को बैठक के निर्णय और राजनीतिक, सांगठनिक रणनीतियों की विस्तृत जानकारी दी।

