बोकारो। जमीन विवाद की जांच के लिए खर्चा-पानी मांगना ASI को भारी पड़ गया। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) धनबाद की टीम ने बालीडीह थाना में पदस्थापित एएसआई मो. याकूब अंसारी को मंगलवार को 5000 रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी गिरफ्तार पुलिस पदाधिकारी को धनबाद स्थित अपना कार्यालय लेता गया, जहां पूछताछ जारी है।
शिकायतकर्ता ने मखदुमपुर इलाके में 13 डिसमिल जमीन लूट और धमकी दिए जाने के मामले में बालीडीह थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह को लिखित आवेदन दिया था। मामले की जांच एएसआई मो. याकूब अंसारी को सौंपी गई थी। आरोप है कि जांच के नाम पर एएसआई ने शिकायतकर्ता से खर्चा-पानी के नाम पर 5000 रुपये रिश्वत की मांग की थी।
पीड़ित ने रांची स्थित एसीबी मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद एसीबी अधिकारियों ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
शिकायतकर्ता ने नया मोड़ के सामने मंगलवार को तय समय पर अजय कुमार की फल दुकान के पास एएसआई मो. याकूब अंसारी को 5000 रुपये दिए। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।
Read Also : Jamshedpur Crime: जुगसलाई फायरिंग केस में पुलिस को बड़ी सफलता, मनीष सिंह गिरोह के दो और सदस्य गिरफ्तार

