Home » Bokaro Fire News : अवैध डीजल गोदाम में लगी भीषण आग, होते रहे धमाके; कई लोग घर छोड़कर भागे

Bokaro Fire News : अवैध डीजल गोदाम में लगी भीषण आग, होते रहे धमाके; कई लोग घर छोड़कर भागे

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बोकारो : जिले के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में अवैध डीजल गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। इससे आसपास के क्षेत्रों में भगदड़ मच गई। कई परिवार घर छोड़कर बच्चे एवं परिवार को लेकर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। आग लगने के कुछ ही देर बाद एक के बाद एक जोरदार धमाके होने लगे।

आग मेडिकेंट अस्पताल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित एक अवैध डीजल गोदाम में बुधवार देर रात लगी। देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में दहशत फैल गई। आग इतनी भयावह थी कि आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और काफी देर तक इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बनी रही।

दूर-दूर तक सुनाई दी ड्रम फटने की आवाज

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोदाम में हजारों लीटर डीजल और पेट्रोल ड्रमों में भरकर रखा गया था। आग लगने के कुछ ही देर बाद एक के बाद एक जोरदार धमाके होने लगे। ड्रम फटने की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। आग की ऊंची लपटें आसमान तक उठती दिखाई दे रही थीं, जबकि काले धुएं का घना गुबार पूरे क्षेत्र में फैल गया था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि उस समय तेज हवा चल रही थी। अगर हवा का रुख रिहायशी इलाके की ओर हो जाता, तो सेक्टर-12 एफ के कई घर आग की चपेट में आ सकते थे। लोग अपने बच्चों और बुजुर्गों को लेकर रात में ही सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। कई परिवार देर रात तक घरों के बाहर ही डरे-सहमे बैठे रहे।

काबू पाने में करीब दो घंटे तक करनी पड़ी मशक्कत

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-12 थाना पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि फायर ब्रिगेड को उस पर काबू पाने में करीब दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। राहत और बचाव कार्य के दौरान लगातार ड्रम फटते रहे, जिससे दमकल कर्मियों को भी खतरे का सामना करना पड़ा।

इस हादसे से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि गोदाम डीजल और पेट्रोल का भंडारण किया गया था। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर आग लग चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई।

बताया जा रहा है कि बोकारो में तेल चोरी और अवैध भंडारण का बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। बालीडीह और राधानगर स्थित तेल डिपो से निकलने वाले टैंकरों से रास्ते में तेल चोरी कर अवैध गोदामों में जमा किया जाता है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। उपायुक्त ने एसडीएम से घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

Read Also: Petrol Diesel Price:  पेट्रोल-डीजल की कीमतें नहीं बढ़ेंगी; सरकार ने कहा- अफवाहों पर न दें ध्यान, पर्याप्त स्टाक है उपलब्ध

Related Articles

Leave a Comment