Home » Cyber Fraud:क्रिप्टो करेंसी के नाम पर बीएसएफ जवान से बड़ी साइबर ठगी

Cyber Fraud:क्रिप्टो करेंसी के नाम पर बीएसएफ जवान से बड़ी साइबर ठगी

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

देवघर :  साइबर अपराधियों ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर जल्दी और ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच देकर बीएसएफ के एक जवान से 10 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। पीड़ित जवान मणिपुर में तैनात है और देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के रोहिणी मोहनपुर गांव का रहने वाला है। मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई गई है।

जानकारी के अनुसार जवान शिव नारायण दास को 17 मार्च को टेलीग्राम ऐप पर एक मैसेज मिला था। मैसेज में कुछ ऑनलाइन टास्क पूरा करने और क्रिप्टो करेंसी प्लेटफॉर्म पर पैसा निवेश करने पर अच्छा लाभ मिलने का दावा किया गया था। साइबर अपराधियों ने उसे “जेनगो डाटा प्लेटफॉर्म” नाम की वेबसाइट से जोड़ा और वहां वॉलेट बनाकर लॉगिन आईडी व पासवर्ड भी उपलब्ध कराया।

शुरुआत में जवान से यूपीआई के जरिए 1015 रुपये जमा कराए गए। कुछ समय बाद उसके खाते में 1418 रुपये वापस आ गए। इससे जवान को लगा कि प्लेटफॉर्म सही है। इसके बाद उससे दोबारा 2520 और 1100 रुपये जमा कराए गए। इस बार भी कुछ मुनाफे के साथ रकम वापस भेजी गई।

धीरे-धीरे अपराधियों ने जवान का भरोसा जीत लिया और उससे बड़ी रकम जमा कराने लगे। जवान ने अलग-अलग किस्तों में हजारों और फिर लाखों रुपये जमा कर दिए। बाद में साइबर ठगों ने उसका अकाउंट फ्रीज होने की बात कही और पैसे निकालने के लिए 98,500 रुपये और जमा करने को कहा। जवान ने फंसी हुई रकम वापस पाने की उम्मीद में यह पैसा भी भेज दिया।

इसके बावजूद उसके खाते में कोई पैसा वापस नहीं आया। उल्टा उससे लगातार और पैसे मांगे जाते रहे। तब जवान को शक हुआ और उसने प्लेटफॉर्म की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है। तब तक उससे 10 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी की जा चुकी थी। अब इस मामले में रांची सीआईडी थाने में भी प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।

Read Also: Pinddaan : रूसी परिवार पिंडदान करने पहुंचा गयाजी; यूक्रेन युद्ध में शहीद हुए थे परिजन

Related Articles

Leave a Comment