नई दिल्ली : दिल्ली CM हाउस के रेनोवेशन मामले की जांच CBI से कराने की मांग के बाद दिल्ली में राजनीतिक हलचल बढ़ गयी है। दिल्ली एलजी की मांग के बाद सीएम आवास में कथित घोटाले की सीबीआई जांच के गृह मंत्रालय ने आदेश दिए हैं। बीजेपी ने दिल्ली सरकार पर 45 करोड़ इसपर खर्च करने का आरोप लगाया था। रेनोवेशन में भ्रष्टाचार का आरोप भी बीजेपी ने लगाया था। इस जांच की बात सामने आने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी शुरू हो गयी।

आम आदमी पार्टी की प्रतिक्रिया:
इस सीबीआई जांच की खबर के साथ ही, आम आदमी पार्टी ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने कहा है कि बीजेपी ने उनके खिलाफ अनियंत्रित प्रयास किए हैं और विवादित रेनोवेशन के मामले में सीबीआई जांच से भी कुछ नहीं निकलेगा। पार्टी के प्रवक्ता ने इसे बीजेपी की साजिश के रूप में देखा है और कहा है कि बीजेपी दिल्ली के मुख्यमंत्री को हटाने के लिए हर मुद्दे पर ताकत लगा रही है, लेकिन वोटर्स का समर्थन उनके साथ है।
बीजेपी ने करायें 50 से ज्यादा केस, लेकिन कुछ नहीं निकला : आप
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता ने कहा, “आज पूरे देश में सिर्फ आम आदमी पार्टी है जो शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतरीन काम करके वोट मांग रही है, लेकिन बीजेपी नहीं चाहती है कि गरीबों को अच्छी शिक्षा और बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। इससे भाजपा की धर्म और जाति की राजनीति हार जाएगी। इसी कारण देश के सबसे बेहतरीन शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्री मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को जेल में डाला गया है। केजरीवाल की घेराबंदी के लिए सारी जांच एजेंसियां लगीं है, जिसमें सीबीआई भी शामिल है। लेकिन दिल्ली के दो करोड़ लोगों का प्यार और आशीर्वाद अरविंद केजरीवाल के साथ है। अब तक इन्होंने केजरीवाल के खिलाफ 50 से ज्यादा केस किए और जांच कराई। किसी में कुछ नहीं निकला। इसमें भी कुछ नहीं निकलेगा। बीजेपी चाहे जितनी मर्जी जांच करवा ले, अरविंद केजरीवाल आम आदमी के हित की लड़ाई लड़ते रहेंगे। अरविंद केजरीवाल ने कसम खाई है, वह भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनाकर रहेंगे। इसके लिए हर कीमत चुकाने को तैयार हैं।”
केजरीवाल ने 7.94 लाख का लगाया एक पर्दा – बीजेपी
प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने कहा कोरोना काल में दिल्ली के पैसों से गैर कानूनी शीशमहल बनने का पाप केजरीवाल ने किया है। वहीं बीजेपी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने इस पर आलोचना की और कहा कि उन्होंने घर में 8 नए पर्दे लगायें। इसमें एक की कीमत को 7.94 लाख रुपये से भी अधिक थी, वहीं सबसे सस्ता पर्दा 3.57 लाख रुपये का था, और वियतनाम से आयातित 1.15 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के संगमरमर भी घर में लगायें ।
सीबीआई जांच से सारी चीजें स्पष्ट हो जायेंगी – अरविंद सचदेवा
बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि CBI जांच से स्पष्ट हो जाएगा कि किसने टेंडर जारी करने के नियमों का उल्लंघन किया था। दिल्लीवासियों को यह जानने का हक है कि कैसे केजरीवाल ने टाइप-7 पात्रता से कहीं अधिक बड़ा राजमहल बंगला बनवाया और मुख्यमंत्री के आवास में लाखों की टायलेट सीट और 8-8 लाख के पर्दे लगवाए। यह भी स्पष्ट होगा कि मुख्यमंत्री के बंगले में उपयोग की जाने वाली फर्निशिंग सामग्री के साथ-साथ भवन निर्माण सामग्री और फर्श के पत्थरों की गुणवत्ता को किसने मंजूरी दी थी।

