चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटेया थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार घटना कुन्द्रीझोर गांव के पास हुई, जहां तेज रफ्तार हीरो होंडा शाइन बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे आम के पेड़ से जा टकराई। मृतक की पहचान हमसदा गांव निवासी 25 वर्षीय धनसिंह सिरका के रूप में हुई है।
हादसे में घायल आकाश सिरका, हमसदा और सुंदर बोबोंगा, बड़ापासेया को नोवामुंडी स्थित टाटा स्टील अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
तेज गति के कारण संतुलन खो बैठी बाइक, सवारों ने नहीं पहना था हेलमेट
जेटेया थाना पुलिस ने बताया कि तीनों युवक लतार कुन्द्रीझोर से बड़ापासेया की ओर जा रहे थे। कुन्द्रीझोर के पास एक मोड़ पर तेज गति के कारण बाइक संतुलन खो बैठी और पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक धनसिंह सिरका के सिर में गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक बाइक पर तीन युवक सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।
प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू
सूचना मिलते ही जेटेया पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर थाने ले जाया गया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों से की अपील- गति पर रखें नियंत्रण
मंगलवार सुबह मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद हमसदा और बड़ापासेया गांव में शोक का माहौल है। जेटेया पुलिस ने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और गति पर नियंत्रण रखें। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार और लापरवाही से जिले में सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं, जिसे रोकने के लिए जागरूकता जरूरी है।

