जमशेदपुर : राज्य के अंगीभूत डिग्री और संबद्धता प्राप्त कॉलेजों में इंटरमीडिएट की पढ़ाई जारी रहेगी और 11वीं में दाखिला होगा। इस संबंध में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने निर्णय ले लिया है। लेकिन कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले अंगीभूत कॉलेजों ने अभी एडमिशन के लिए आवेदन की भी तिथि व कट ऑफ तय नहीं किया है। कॉलेजों का कहना है कि 11वीं नामांकन को लेकर अभी तक कोई आधिकारीक पत्र उन्हें प्राप्त नहीं हुआ है।
ऐसे में जबतक पत्र नहीं मिल जाता वे नामांकन की तिथि नहीं घोषित कर सकते हैं। हालांकि उनकी मानें तो कॉलेजों में नामांकन की तैयारी पूरी है। जैसे ही विभागी पत्र उन्हें प्राप्त होगा वे एडमिशन की तिथि घोषित करते हुए नामांकन लेने की प्रक्रिया शुरू कर देंगे। लेकिन जब तक जैक, उच्च शिक्षा विभाग या कोल्हान विवि का कोई पत्र उन्हें नहीं प्राप्त हो जाता है वे नामांकन प्रक्रिया शुरू नहीं कर सकते हैं। इधर इंटर में दाखिले की आस में शनिवार को सभी कॉलेजों में छात्र पहुंचे लेकिन उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।
कोऑपरेटिव कॉलेज में हुई बैठक:
भले ही अंगीभूत कॉलेज विभागीय पत्र नहीं मिलने का हवाला देते हुए एडमिश्न की प्रक्रिया नहीं शुरू की है। लेकिन इसकी तैयारी में कॉलेज जुट गए हैं। शनिवार को इंटर नामांकन को लेकर कोऑपरेटिव कॉलेज में बैठक हुई। मिली जानकारी के अनुसार इसमें इंटर नामांकन के लिए कट ऑफ के साथ ही एडमिशन की पूरी प्रकिया क्या होगी इस पर मुहर लगी। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ अमर सिंह ने कहा कि भले विभाग का पत्र कॉलेज को नहीं मिला है।
लेकिन सरकार ने घोषणा किया है तो नामांकन लेना ही है। ऐसे में हम अपने स्तर से सभी तैयारी रख रहे हैं। जैसे ही एडमिशन लेने से संबंधित पत्र मिलेगा वे कट ऑफ जारी कर नामांकन प्रक्रिया शुरू कर देंगे।
तैयारी पूरी लेकिन नामांकन प्रक्रिया आदेश मिलने के बाद ही शुरू होगा:
जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज के प्राचार्य डॉ एसपी महालिक ने कहा कि अभी तक कॉलेज को सरकार की ओर से आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। आदेश का पत्र मिलने पर नामांकन के संबंध में विचार किया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अन्य कॉलेजों से भी जानकारी लेंगे। इसके अलावा अबतक अनेक बच्चे विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में एडमिशन ले चुके हैं। ऐसे में कॉलेज में इंटरमीडिएट प्रभाग के तीनों संकाय में पर्याप्त संख्या में विद्यार्थियों का दाखिला होगा या नहीं, यह भी देखना जरूरी है।
जानिए किस कॉलेज में कितनी सीटें
कॉलेज का नाम आईए, आईएससी, आई कॉम
वीमेंस विश्वविद्यालय: 640, 640,640
करीम सिटी कॉलेज: 512, 640, 640
को-ऑपरेटिव कॉलेज: 640 640 640
ग्रेजुएट कॉलेज: 512, 512, 512
वर्कर्स कॉलेज: 500, 500, 500
एलबीएसएम: 565, 556, 684
एबीएम कॉलेज: 640, 00, 640

