Dhanbad : धनबाद के बाघमारा स्थित बीसीसीएल एरिया-4 के तहत लकड़का 8 नंबर में कतरी नदी किनारे बंद खदान के चानक से शनिवार को अचानक आग के शोले उठने लगे। धुंए का गुबार देख लोग दहशत में आ गए। लोगों ने देखा कि चानक में भयानक आग भड़क उठी है। देखते ही देखते आग की लपटें ऊंची हो गईं। काले जहरीले धुएं का गुब्बार आसमान तक पहुंच गया। इलाके के लोगों का कहना है कि ऐसा लगता है कि मानो ज्वालामुखी फट गया हो। जहां से आग के शोले निकल रहे हैं वह इलाका आसपास घनी आबादी है। इस वजह से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से भूमिगत कोयला परतों में आग सुलग रही थी। मगर, किसी ने ध्यान नहीं दिया। आज यह आग भड़क उठी है। अब यह आग तेजी से फैल रही है। आग से लगातार जहरीले धुंआ निकल रहा है। इससे पूरा इलाका धुंआ-धुंआ हो गया है। इस धुएं की दुर्गंध से पूरा इलाका भर गया है। लोगों का जीना मुहाल हो गया है। घरों के अंदर तक धुआं भर जाने से बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बीसीसीएल प्रबंधन आग की गंभीरता को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर आग पर जल्द नियंत्रण नहीं पाया गया तो नदी किनारे बसी बस्तियां खतरे में पड़ सकती हैं। उन्होंने बीसीसीएल के अधिकारियों और जिला प्रशासन से मौके पर निरीक्षण कर ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि आग और धुएं के फैलाव को रोका जा सके और जनजीवन सामान्य हो सके।
Read Also- Jamshedpur News : कदमा में शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण, आरोपी युवक व उसके माता-पिता नामजद

