Home » Chaibasa News : गुवा में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, दो मजदूरों के घर जलकर राख

Chaibasa News : गुवा में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, दो मजदूरों के घर जलकर राख

सेल के पास 4 खदानें फिर भी फायर ब्रिगेड नहीं, लाखों का सामान स्वाहा मजदूर नेता ने जताई नाराजगी

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा स्थित नानक नगर बाजार और बस स्टैंड के पास SAIL के आवासीय कॉलोनी में बुधवार शाम शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो श्रमिकों दीपक लोहार और कालेश्वर हाजरा के आवास पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। आग में घर का सारा सामान राख हो गया और लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना 19 अगस्त बुधवार को शाम करीब 7:30 बजे की है। अचानक घरों में आग की लपटें उठने लगीं और कुछ ही देर में आग ने दोनों मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग देखकर आसपास के लोग दौड़े और बाल्टी, पाइप से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका।

स्थिति बिगड़ती देख टाटा स्टील नोवामुंडी प्रबंधन को सूचना दी गई। वहां से दमकल वाहन बुलवाया गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त घर में मौजूद लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन घरों में रखे बर्तन, कपड़े, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान जलकर खाक हो गए।

सेल के पास 4 खदानें, दमकल नहीं

इस घटना को लेकर मजदूर नेता रामा पाण्डे ने SAIL प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि SAIL जैसी महारत्न कंपनी की मेघाहातुबुरु, किरीबुरू, गुवा और चिड़िया में चार बड़ी खदानें चल रही हैं। करोड़ों का मुनाफा कमाने वाली कंपनी के पास गुवा जैसे औद्योगिक क्षेत्र में अपना अग्निशमन वाहन तक नहीं है। रामा पाण्डे ने कहा कि अगर SAIL के पास अपना फायर ब्रिगेड होता तो आग लगते ही उसे बुझाया जा सकता था और नुकसान कम होता। यहां सुरक्षा के नाम पर सिर्फ औपचारिकता की जा रही है।उन्होंने बताया कि खदानों और कॉलोनियों में आए दिन बिजली की वजह से आग की घटनाएं होती रहती हैं, बावजूद इसके प्रबंधन द्वारा पर्याप्त सुरक्षा संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं।

मजदूर नेता ने SAIL प्रबंधन से मांग की है कि गुवा में तुरंत आधुनिक दमकल वाहन उपलब्ध कराया जाए और आवासीय क्षेत्रों में बिजली के तारों व उपकरणों की जांच कराई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Read Also CHAIBASA NEWS : शहीद रूमुल सावैयां को नम आंखों से पुष्पांजलि अर्पित कर दी गई श्रद्धांजलि

Related Articles

Leave a Comment