जमशेदपुर : Firing in Aadityapur:सरायकेला-खरसावां जिले में पड़ने वाले आदित्यपुर में एक बार फिर गोलियां तड़तड़ाई हैं। आदित्यपुर थाना क्षेत्र में इन दिनों अपराधी बेलगाम हुए हैं। दो दिन पूर्व आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया में जमीन कारोबारी और उसके पुत्र को गोलियां मारी गई थीं। वहीं, आदित्यपुर में माझी टोला स्थित संजय नगर के पास देर रात अपराधियों ने विवाद के चलते दो युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिसमें सरायकेला-खरसावां के युवा राजद ज़िला अध्यक्ष उदित यादव के भाई समेत एक अन्य युवक को गोली लगी है, जिनका इलाज टीएमएच अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, आदित्यपुर दिंदली बस्ती निवासी युवा राजद जिला अध्यक्ष उदित यादव के भाई विवेक यादव अपने दोस्त जशनप्रीत उर्फ भुट्टर के साथ ट्रांसपोर्ट में चलने वाले अपने ट्रकों का काम पूरा कर देर रात घर लौट रहे थे। इस बीच एस टाइप मोड़ पर बीडीएस मॉल के समीप एक चाय दुकान में कुछ युवकों के साथ विवाद हो गया। बाद में विवेक यादव व जश्नप्रीत अपनी हुंडई वरना कार में सवार होकर वहां से निकल पड़े।
जशनप्रीत को नेशनल इलेक्ट्रॉनिक्स मोड़ के पास घर छोड़ने के दौरान ही अचानक काले रंग की वेन्यू कार में पहुंचे चार से पांच की संख्या में युवकों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे जसप्रीत उर्फ भुट्टर की पेट में गोली लगी, जबकि मौके पर मौजूद विवेक यादव के गले के पास से गोली छूकर निकल गई। घटना के बाद देर रात दोनों घायल युवकों को टीएमएच (टाटा मुख्य अस्पताल) में भर्ती कराया गया है। यहां गोली लगने से घायल हुए जशनप्रीत का ऑपरेशन किया गया, जबकि विवेक यादव ऑब्जर्वेशन में है। इधर घटना के बाद आदित्यपुर पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।
देर रात तक खुली रहती है चाय दुकान, अक्सर होता विवाद
आदित्यपुर एस टाइप चौक के पास बीडीएस मॉल के बगल में एक चाय दुकान देर रात तक खुली रहती है। वहां अक्सर विवाद होता रहता है। इससे पूर्व भी वहां कई बार मारपीट की घटनाएं घटी हैं। देर रात तक चाय दुकान खुले रहने के चलते वहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी लगा रहता है।

