
Garhwa : बंशीधर नगर-भवनाथपुर मुख्य मार्ग पर रविवार की दोपहर दहेड़िया में मैजिक एवं टेंपो की हुई भीषण भिड़ंत में तीन की मौत हो गई है। वहीं, एक दर्जन लोग घायल हो गए। जबकि सात लोगों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया। मृतकों में श्रीबंशीधर नगर निवासी मैजिक पिकअप चालक उदय गुप्ता के 35 वर्षीय पुत्र इंद्रजीत गुप्ता तथा केतार थाना क्षेत्र के छाताकुंड निवासी आटो चालक बेचू उरांव के 40 वर्षीय पुत्र अवधेश उरांव और मनबोध उरांव के 12 वर्षीय पुत्र अजय कुमार का नाम शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक केतार थाना क्षेत्र के छाताकुंड गांव से लोग टेंपो पर सवार होकर श्रीबंशीधर नगर के कुंबा गांव निवासी बालरूप उरांव की पुत्री की सगाई करने जा रहे थे। इसी बीच दहेड़िया में विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही मैजिक ने टेंपो में सीधा टक्कर मार दिया। जिससे उसपर सवार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये। टक्कर इतनी तेज हुई की दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गये।
घटनास्थल पर मची थी चीख पुकार
घटना के बाद घटनास्थल पर घायलों में चीख पुकार से अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया। आस पास के लोगों ने सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला तथा घायलों की मदद में जुट गए।
साथ ही इसकी जानकारी पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, झामुमो के जिला उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडेय, भाजपा नेता कन्हैया चौबे और ओमप्रकाश गुप्ता ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंच कर सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजवाया।
इधर पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने भी घटना स्थल एवं अस्पताल पहुंच कर घायलों के इलाज में मदद की।
ये हुए गंभीर रूप से घायल
गंभीर रूप से जख्मी बिट्टू सिंह, संतोष चेरो, अवधेश उरांव, लालमोहन यादव, मुनिका कुमार, कमलेश यादव, टिंकू उरांव को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने बाहर रेफर कर दिया। जबकि शेष घायल लवकुश कुमार, टिंकू उरांव, अजय कुमार उरांव, आमोद सिंह, दीपक कुमार, श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र के कोलझिकी गांव निवासी अंकुश कुमार, यूपी के कोनमंडरा गांव निवासी शिवकुमार उरांव का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
सदर अस्पताल में हुई दो की मौत
ज्ञात हो कि क्ष अजय कुमार एवं अवधेश उरांव की मौत सदर अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। वहीं इंद्रजीत गुप्ता की मौत सदर अस्पताल से मेदिनीनगर मेडिकल कालेज जाने के दौरान रास्ते में हो गई।
शादी की खुशी मातम में बदली
केतार थाना क्षेत्र के छाताकुंड गांव निवासी कन्हाई उरांव के पुत्र विकास उरांव की शादी 14 मई को श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के कुंबा गांव निवासी बालरूप उरांव की पुत्री से होने वाली थी। रविवार को लड़का वाले लड़की का छेका करने जा रहे थे। किंतु नियति को कुछ और ही मंजूर था। बीच रास्ते में ही सभी सड़क दुर्घटना के शिकार हो गये। जिससे शादी की खुशी मातम में तब्दील हो गई। घायल लोगों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है।
पुलिस ने दिखाई मानवता, घायलों की मदद
पुलिस ने सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद कर मानवता का मिसाल पेश की है। एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, पुलिस इंस्पेक्टर जितेन्द्र कुमार आजाद, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार समेत कई पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस के जवानों ने घटनास्थल से लेकर अस्पताल पहुंचाने एवं इलाज कराने में बढ़-चढ़कर मदद की।
Read Also : Jamshedpur Crime : बोड़ाम में चर्चित लेक व्यू रिसोर्ट में हो रहा था अनैतिक कार्य, ग्रामीणों ने बोला धावा

