गिरिडीह : गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के चोलीडीह गांव स्थित बुढ़वा आहार के समीप गुरुवार को एक पांच वर्षीय बच्चे का शव बरामद हुआ। मृतक बच्चे की पहचान कंचन देवी के पुत्र सुदीप कुमार यादव के रूप में हुई है।
गायब होने के बाद हुआ शव बरामद
मृतक सुदीप की मां कंचन देवी ने बताया कि बुधवार को उसका अपने चाचा ससुर परशुराम यादव और चाची सास सावित्री देवी के साथ विवाद हुआ था। इस विवाद के बाद सुदीप अचानक घर से गायब हो गया था। मां ने अपने बच्चे की काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं भी कोई पता नहीं चला। गुरुवार को उसका शव तालाब के पास मिला। शव की बरामदगी के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
हत्या का आरोप, परिजनों का रोष
कंचन देवी ने पुलिस के सामने बयान दिया कि उसने अपनी जाँच के बाद परशुराम यादव और सावित्री देवी पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इन दोनों ने सुदीप को मारकर उसका शव तालाब के पास फेंक दिया। इस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है।
आरोपियों की तलाश
देवरी थाना प्रभारी सोनू कुमार साहू और एएसआई बुद्धदेव उरांव ने गांव में जाकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने परशुराम यादव और सावित्री देवी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, खबर है कि आरोपित दंपत्ति गांव से फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

