Home » Giridih Road Accident : गिरिडीह में तेज रफ्तार ट्रक ने 13 वाहनों को रौंदा, पांच की मौत

Giridih Road Accident : गिरिडीह में तेज रफ्तार ट्रक ने 13 वाहनों को रौंदा, पांच की मौत

Jharkhand Hindi News : ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही कई वाहन उसकी चपेट में आ गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई

by Rakesh Pandey
Road-Accident
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गिरिडीह : यह ट्रक एक के बाद एक वाहनों को टक्कर मारते हुए निकलता रहा और लोग बदहवास होकर देखते रहे।झारखंड के गिरिडीह जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। निमियाघाट थाना क्षेत्र के इसरी बाजार में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक, टाटा मैजिक और सड़क किनारे खड़े वाहनों समेत करीब 13 वाहनों को रौंद डाला। इस भीषण हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दस से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पूरे इलाके में मची अफरा-तफरी

घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बगोदर की ओर से आ रहा ट्रक (जेएच 02 बीएल 1853) तेज गति में था। बस पड़ाव के समीप ट्रक ने पहले एक बाइक को हल्का धक्का मारा और फिर तेजी से इसरी की ओर बढ़ने लगा। इसी दौरान इसरी पुल के पास ट्रक अनियंत्रित हो गया।

अनियंत्रित ट्रक ने 13 वाहनों को किया क्षतिग्रस्त

तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक और टाटा मैजिक को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद सड़क किनारे खड़ी दो कारों समेत कई अन्य वाहनों को रौंदते हुए ट्रक एक चहारदीवारी तोड़कर बिजली के पोल से जा टकराया। हादसे में कुल 13 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

पांच लोगों की मौत, कई की हालत गंभीर

घटना के बाद घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक अन्य घायल की मौत धनबाद ले जाने के दौरान हो गई। मृतकों में कारी इरशाद (46), सुजीत (37) और संतोष महतो (32) की पहचान हुई है। दो अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
घायलों में रुखसार खातून, सागीर, सुधा वर्मा और संजय कुमार साव समेत कई लोग शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है।

मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही गिरिडीह डीसी रामनिवास यादव, एसडीएम संतोष गुप्ता, सीओ शशिभूषण वर्मा, सीओ ऋषिकेश मरांडी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सड़क पर बिखरा मलबा, सहमे गुजर रहे लोग

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही कई वाहन उसकी चपेट में आ गए। सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहनों का मलबा और लोगों की चीखें हादसे की भयावहता बयान कर रही थीं।

Read Also- Jamshedpur News : जुगसलाई में एक किशोरी का अश्लील वीडियो बना छीन लिए पैसे व जेवरात, वीडियो वायरल करने की दी धमकी

Related Articles

Leave a Comment