Jamshedpur : जुगसलाई में सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक किशोरी को बहला फुसलाकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया गया और फिर उसे ब्लैकमेल करते हुए वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसी के साथ किशोरी के पास मौजूद नकदी और जेवरात छीन लिए। घटना जुगसलाई थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती रोड पप्पू होटल के पास की है। इस मामले में पुलिस ने किशोरी के परिजन के आवेदन पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना में जिन चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, उनमें रजाउल उर्फ राजू, रजाउल की मां रशीदा के अलावा रजाउल की बहन जीनत और भाई अब्दुल शेख के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह सभी आरोपी जुगसलाई के हनुमान मंदिर के पास गौरी शंकर रोड के रहने वाले हैं।
यह लोग जुगसलाई के सूबेद आलम के मकान में किराए पर रहते हैं। पुलिस का कहना है कि घटना 26 मार्च से 28 मार्च के बीच की है। जब आरोपी किशोरी को पहले बहला-फुसला कर ले गए थे और उसके साथ यह घटना घटित की। बताते हैं कि घटना के बाद से परिजन मामले की शिकायत के लिए थाने के चक्कर काट रहे थे।

