चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत झींकपानी थाना क्षेत्र में एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ़्तार आरोपियों में झींकपानी थाना क्षेत्र के कुदापी गांव के मटकमहातु टोला निवासी डूगुद बुड़ीजली उर्फ कोंदा (20), सिदिऊ मुंडरी उर्फ़ कोंका (26) और मंडरू उर्फ जम्बीरा गोप (30) शामिल हैं।

घर में अकेली पाकर की वारदात
6 मई 2026 को पीड़िता ने झींकपानी थाना में लिखित शिकायत दी। शिकायत के मुताबिक अप्रैल में कुवापी गांव के मटकमहातू टोला में गांव के ही तीन युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता जब घर में अकेली झाड़ू लगा रही थी, तभी आरोपियों ने मौके का फायदा उठाकर घर में घुस कर अंदर से दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ बारी+बारी से दुष्कर्म किया।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
आवेदन मिलते ही झींकपानी थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर कार्रवाई की गई। परीक्ष्यमान आईपीएस -सह-थाना प्रभारी झींकपानी राजकुमार जेयराजू और चाईबासा सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस और निरीक्षक राजीव रंजन मिश्रा, महबा मिंज के साथ ही तकनीकी शाखा के सहयोग से एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने कांड में संलिप्त तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज होते ही सबसे पहले पीड़िता की मेडिकल जांच कराई।
आरोपियों ने कबूला जुर्म, कपड़े बरामद
पूछताछ में गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर घटना के समय पहने गए कपड़ों को भी बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया गया है। पूरे मामले का खुलासा करते हुए चाईबासा सदर के एसडीपीओ बहामन टुटी ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

