
रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा की पूर्व महासचिव और बीजेपी नेता सीता सोरेन की राजनीति में एक बार फिर ‘घर वापसी’ की अटकलें तेज हो गई हैं। खबर है कि आज जेएमएम के दुमका में होने वाले महाजुटान में वह झामुमो का दामन थाम सकती हैं। लेकिन इस पर पार्टी के वरिष्ठ नेता सह महासचिव विनोद पांडेय ने स्पष्ट किया कि इस तरह की कोई पुख्ता जानकारी उनके पास नहीं है।
उनका कहना था सीता सोरेन ने न तो पार्टी से संपर्क किया है और न ही पार्टी ने उनसे किसी तरह की बातचीत की है। बता दें कि 2 फरवरी को उपराजधानी दुमका में हर साल झामुमो के दिग्गजों की महाजुटान होती है। इस दिन पार्टी झारखंड दिवस मनाकर अलग झारखंड राज्य के संकल्प को पुनः प्रकट करती है। ऐसे में चर्चा तेज हो गई है कि सीता सोरेन भी इस अवसर पर कार्यक्रम में शिरकत कर सकती हैं। इस कार्यक्रम में झामुमो सुप्रीमो दिशोम गुरु शिबू सोरेन, मुख्यमंत्री व झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन समेत कई दिग्गज नेताओं के पहुंचने की उम्मीद है।
बीजेपी का थाम लिया था दामन
सीता सोरेन ने लोकसभा चुनाव-2024 से ठीक पहले बीजेपी का दामन थाम लिया था। उस समय उन्होंने झामुमो से उचित सम्मान नहीं मिलने का आरोप लगाया था। बीजेपी ने उन्हें दुमका से लोकसभा चुनाव और जामताड़ा से विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया, लेकिन दोनों ही चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अब यह माना जा रहा है कि सीता सोरेन अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर झामुमो में लौटने का विचार कर रही हैं। हालांकि, इन अटकलों पर सीता सोरेन का भी बयान आया था कि ‘मैं जहां हूं, वहीं हूं’। इन सबके बावजूद चर्चा जोरों पर है कि सीता सोरेन ‘घर वापसी’ कर सकती हैं।
Read Also- सीएम नीतीश कुमार ने बजट 2025 को बताया स्वागत योग्य, बिहार के लिए मिली कई सौगातें

