RANCHI: लोहरदगा शहर में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा लोहरदगा एसपी कोठी के समीप उस समय हुआ जब रघुटोली की ओर से शहर की तरफ आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी बैरिकेडिंग से टकरा गई और डिवाइडर पर चढ़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन काफी तेज गति में था। अचानक चालक का नियंत्रण कार से हट गया, जिससे जोरदार टक्कर हुई और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार घायलों का इलाज जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

