Home » Goilkera Forest Action : गोइलकेरा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, साल की लकड़ी लदा ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार

Goilkera Forest Action : गोइलकेरा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, साल की लकड़ी लदा ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार

Jharkhand Hindi News : आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज। जब्त लकड़ी और ट्रक वन परिसर में सुरक्षित। वन विभाग द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं

by Rajeshwar Pandey
Goilkera Forest Action
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा थाना क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बीती रात संतरा वन प्रक्षेत्र की टीम ने भारी मात्रा में साल की लकड़ी से लदा एक ट्रक पकड़ा है। ट्रक के साथ बिहार निवासी चालक को भी गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार वन विभाग संतरा रेंजर राम नंदन राम को गुप्त सूचना मिली थी कि गोईलकेरा और चाईबासा के बीच जंगल से लकड़ी काटकर ट्रक में लोड कर बिहार भेजी जा रही है।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई घेराबंदी

सूचना के आधार पर संतरा वन प्रक्षेत्र के कर्मियों ने रात करीब एक बजे गोईलकेरा के गोटांबा गांव के पास घेराबंदी की। ट्रक को रोककर जांच की गई तो उसमें साल के बोटा लदे मिले। चालक से लकड़ी से संबंधित कोई वैध कागजात मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। जब्त ट्रक संख्या JH10BU9188 में साल के 44 बोटा लदे थे। बरामद लकड़ी की अनुमानित बाजार कीमत चार से पांच लाख रुपये आंकी गई है।

बिहार के शाहगंज गांव का निवासी हैं ट्रक चालक

लकड़ी की तस्करी में पकड़ा गया ट्रक चालक बिहार के शाहगंज गांव के पोस्ट ईटवा जिला फतेहपुर निवासी कैलाश यादव है। पूछताछ में सामने आया कि कैलाश यादव ही जब्त ट्रक का मालिक भी है। वनकर्मियों ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया और संतरा वन प्रक्षेत्र कार्यालय सोनुवा परिसर ले आए।

जब्त लकड़ी और ट्रक वन परिसर में सुरक्षित

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। जब्त लकड़ी और ट्रक को वन परिसर में सुरक्षित रखा गया है। विभाग यह भी जांच कर रहा है कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

वन विभाग ने ग्रामीणों से वन तस्कारी की सूचना देने की अपील की

वन विभाग ने कहा है कि जंगल से अवैध कटाई रोकने के लिए गश्त तेज कर दी गई है। ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि वन तस्करी की सूचना तुरंत विभाग को दें। ट्रक मालिक के बयान पर दो लोगों के खिलाफ और मामला दर्ज किया गया है।

छापेमारी अभियान में शामिल सदस्य

छापेमारी अभियान में प्रभारी वनपाल संतोष कुमार, प्रधान वनरक्षी अर्जुन पूर्ति, बाबू राम दोंगो, मंगल सिंह समद, भादाव सोरेन, शिव शक्ति गोप, मनोरंजन महतो, सानो हेंब्रम, गुरा माण्डी, मंजीत कुमार बर्नवाल, बिरसेन बोयपाई, एवं गृह रक्षा वाहिनी नीतू सिंह पूर्ति आदि उपस्थित थे।

समीज आश्रम के यहां से ट्रक पर लोड हुई लकड़ी, मुख्य आरोपी सिसई के लकड़ी माफिया

सारंडा और पोड़ाहाट जंगल में सिसई के लकड़ी माफिया का राज्य चल रहा है। रात के अंधेरे में भोले भाले गांव वालों को चंद पैसे का लालच देकर जंगल से लकड़ी की तस्करी कराई जा रही है। सूत्रों के अनुसार गुरुवार की रात पकड़े गए ट्रक को समीज आश्रम के यहां से लोडिंग किया गया था। बरहाल यह जांच का विषय हैं। लेकिन सूत्र बताते हैं कि सिसई के लकड़ी माफिया का लकड़ी लोड किया गया था। अब वन विभाग द्वारा मामला दर्ज कर चालक से पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद ही पूरे मामला का खुलासा हो जाएगा।

Read Also- Guwa Displacement Issue : गुवा में की गई विशेष ग्रामसभा, विस्थापन और बुनियादी सुविधाओं को लेकर उठी आवाज

Related Articles

Leave a Comment