Home » Gumla News : मां ने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूदकर दी जान, गांव में पसरा मातम

Gumla News : मां ने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूदकर दी जान, गांव में पसरा मातम

Gumla News : तलाशी के दौरान सबसे पहले अंश उरांव का शव दिखाई दिया। इसके बाद महिला और उसकी पुत्री के शव भी कुएं से बाहर निकाले गए।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Gumla : घाघरा थाना क्षेत्र के मनातू गांव में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।

मृतकों की पहचान मनातू गांव निवासी परदेशनी कुमारी (27 वर्ष), उनके पांच वर्षीय पुत्र अंश उरांव तथा चार वर्षीय पुत्री आशमानी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार परदेशनी कुमारी पिछले लगभग आठ माह से मानसिक बीमारी से पीड़ित थीं और उनका इलाज रांची के कांके स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में चल रहा था।

मृतका के पति जगन्नाथ उरांव ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे उनकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर घर के समीप स्थित कुएं के पास नहाने के लिए गई थी। काफी देर तक तीनों के वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई। बच्चों की दादी गुनिया देवी एवं बुआ संतोषी कुमारी ने आसपास खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। इसी दौरान जगन्नाथ उरांव ने कुएं में झांककर देखा तो पानी में कपड़ा तैरता नजर आया। आशंका होने पर ग्रामीणों की मदद से रस्सी और झागर के सहारे कुएं की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान सबसे पहले अंश उरांव का शव दिखाई दिया। इसके बाद महिला और उसकी पुत्री के शव भी कुएं से बाहर निकाले गए। घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना के एसआई आदित्य कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Read Also: Gumla Crime: मातम में बदली शादी की खुशियां, सड़क हादसे में तीन भाई-बहनों की दर्दनाक मौत

Related Articles

Leave a Comment