नई दिल्ली : भारत सरकार ने सीरिया में बढ़ते हिंसक संघर्ष को देखते हुए अपने नागरिकों को सीरिया यात्रा से बचने की सख्त सलाह दी है। विदेश मंत्रालय ने एक परामर्श जारी करते हुए कहा कि सीरिया में रहने वाले भारतीय नागरिकों को भी सतर्क रहने और भारतीय दूतावास से संपर्क बनाए रखने के लिए कहा गया है।
सीरिया में बढ़ती हिंसा : अलेप्पो और होम्स में स्थिति बिगड़ी
इस्लामी विद्रोहियों ने हाल ही में देश के सबसे बड़े शहर अलेप्पो के अधिकांश हिस्से पर कब्जा कर लिया, और अब मध्य सीरिया के होम्स शहर पर भी कब्जे की स्थिति बन रही है। इस संघर्ष के चलते हजारों लोग होम्स से भागकर सुरक्षित स्थानों की तलाश कर रहे हैं।
भारत ने सीरिया यात्रा से बचने की दी सलाह
विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, “सीरिया में मौजूदा हालातों को देखते हुए भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक सीरिया की यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है।” मंत्रालय ने यह भी कहा कि जो भारतीय नागरिक सीरिया में रह रहे हैं, उन्हें दमिश्क स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में रहना चाहिए।
सतर्क रहने और सुरक्षित यात्रा की सलाह
मंत्रालय ने आगे कहा, “सीरिया में रह रहे भारतीयों से अनुरोध है कि वे जानकारी के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर और आधिकारिक ईमेल आईडी के माध्यम से भारतीय दूतावास से संपर्क करें।” साथ ही, मंत्रालय ने सीरिया जाने वाले भारतीय नागरिकों को सलाह दी है कि वे जल्द से जल्द उपलब्ध वाणिज्यिक उड़ानों से देश छोड़ें और जो लोग सीरिया में हैं, वे अपनी सुरक्षा को लेकर अत्यधिक सतर्क रहें तथा आवाजाही कम से कम करें।

