Jamshedpur : इंडियन सुपर लीग 2025-26 में जमशेदपुर एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एफसी गोवा को 2-0 से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। जेडआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए इस मुकाबले में पहले हाफ में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं, लेकिन दूसरे हाफ में जमशेदपुर ने दबदबा बनाते हुए जीत अपने नाम की।मैच के 83वें मिनट में मोहम्मद सनान ने टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद इंजरी टाइम (90+6 मिनट) में मदीह तलाल ने शानदार गोल दागकर जीत पक्की कर दी।
इस जीत के साथ जमशेदपुर एफसी के 11 मैचों में 21 अंक हो गए हैं और टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है, जबकि एफसी गोवा 19 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई। जमशेदपुर एफसी के कोच ओवेन कॉयल ने पिछली जीत के बाद टीम में कोई बदलाव नहीं किया, जबकि एफसी गोवा के कोच मनोलो मार्केज ने एक बदलाव करते हुए मोहम्मद यासिर को टीम में शामिल किया।पहले हाफ में जमशेदपुर एफसी ने कई मौके बनाए।
सनान, लल्हरियातपुइया और निखिल बारला ने गोल करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। मदीह तलाल भी शानदार फॉर्म में नजर आए और उन्होंने लगातार विपक्षी गोलकीपर को चुनौती दी।दूसरे हाफ में भी जमशेदपुर का दबदबा जारी रहा। मिडफील्ड में तलाल और निकोला स्टोजानोविच ने खेल को नियंत्रित किया, जिससे एफसी गोवा को ज्यादा मौके नहीं मिले।
74वें मिनट में रेई ताचिकावा को मैदान में उतारना निर्णायक साबित हुआ। उनके हेडर के बाद बने मौके पर सनान ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई।अंतिम समय में एफसी गोवा ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन जमशेदपुर की डिफेंस मजबूत रही। इंजरी टाइम में मदीह तलाल ने गोल कर जीत सुनिश्चित कर दी।इस जीत के साथ जमशेदपुर एफसी ने खिताबी दौड़ में अपनी दावेदारी और मजबूत कर ली है।

