
Jamshedpur : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र की भाटिया बस्ती में गुरुवार को 24 वर्षीय युवक सुशील कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह कपाली के डोबो स्थित एक शराब दुकान में काम करता था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात काम खत्म करने के बाद सुशील अपने किराए के कमरे में लौट गया था। गुरुवार सुबह काफी देर तक जब वह काम पर नहीं पहुंचा, तो उसके सहकर्मी कमरे पर पहुंचे। दरवाजा खोलने पर सुशील पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला।
सुशील मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से कदमा की भाटिया बस्ती में किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि उसने करीब एक महीने पहले ही शराब दुकान में काम शुरू किया था।
घटना की सूचना मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

