Jamshedpur : भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 26 फरवरी को प्रस्तावित जमशेदपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इस सिलसिले में डीसी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में एक अहम समीक्षा मीटिंग की गई। इसमें आयोजन समिति, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

मीटिंग में कदमा स्थित प्रोग्राम स्थल, सोनारी एयरपोर्ट तथा राष्ट्रपति के परिभ्रमण मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को साफ दिशा-निर्देश दिए गए।
राष्ट्रपति के आने के रूट पर रहेगा कड़ा सुरक्षा घेरा
डीसी ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने वीआईपी मूवमेंट, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष तैयारी करने पर जोर दिया। पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परिभ्रमण मार्ग पर सुरक्षा घेरा मजबूत रखा जाए, यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। जरूरत के अनुसार ड्रॉप गेट और अतिरिक्त बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने को भी कहा गया।
डायस प्लान तैयार करेगी आयोजन समिति
आयोजन समिति को निमंत्रण पत्र, बैकड्रॉप, स्पीच नोट, डायस प्लान सहित कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा समय पर तैयार कर प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। डीसी ने साफ किया कि सभी तैयारी तय समय सीमा के अंदर और त्रुटिरहित ढंग से पूरी की जाए, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से हो सके।
मीटिंग में यह अधिकारी रहे मौजूद
मीटिंग में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार, एडीएम एसओआर राहुल जी आनंद, ट्रैफिक पुलिस उपाधीक्षक, यांत्रिकी विभाग के अभियंता एवं आयोजन समिति के सदस्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
READ ALSO: RANCHI NEWS: उपायुक्त और एसएसपी ने दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त से की मुलाकात

