Ranchi : झारखंड विधानसभा की कुल 25 समितियों का गठन कर दिया गया है। इस संबंध में विधानसभा सचिवालय ने अधिसूचना जारी कर दी है। इसके अनुसार नियम समिति, विशेषाधिकार समिति और याचिका समिति के सभापति स्वयं विधानसभा अध्यक्ष होंगे। इसके अलावा, विभिन्न समितियों की जिम्मेदारी अलग-अलग विधायकों को सौंपी गई है। समिति में विधायकों को सदस्य भी बनाया गया है।
लोक लेखा समिति का सभापति मनोज कुमार यादव को बनाया गया है, जबकि प्राक्कलन समिति की कमान हेमलाल मुर्मू को मिली है। सरकारी उपक्रमों संबंधी समिति के सभापति निरल पुरती तथा प्रत्यायुक्त विधान समिति के सभापति सरयू राय बनाए गए हैं।
अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति की जिम्मेदारी स्टीफन मरांडी को दी गई है। महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति कल्पना मुर्मू सोरेन होंगी, जबकि आवास समिति के सभापति दशरथ गागराई बनाए गए हैं।
प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण समिति के सभापति बसंत सोरेन, सरकारी आश्वासन समिति के सभापति अरूप चटर्जी, शून्यकाल समिति के सभापति भूषण तिर्की, विधायक निधि अनुश्रवण समिति के सभापति चंदेश्वर प्रसाद सिंह बनाए गए हैं।
पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति की जिम्मेदारी उदय शंकर सिंह को दी गई है। जिला परिषद एवं पंचायती राज समिति के सभापति प्रदीप यादव तथा गैर सरकारी संकल्प समिति के सभापति प्रकाश राम बनाए गए हैं। पुस्तकालय विकास समिति, सत्येंद्र नाथ तिवारी, निवेदन समिति उमाकांत रजक, सदाचार समिति रामचंद्र सिंह, युवा कल्याण संस्कृति एवं पर्यटन विकास समिति सविता महाते, सामान्य प्रयोजन समिति डॉ नीरा यादव, आंतरिक संसाधन एवं केंद्रीय सहायता समिति के सभापति रामेश्वर उरांव व खाद्य आपूर्ति समिति के सभापति विकास कुमार मुंडा बनाए गए हैं।
नई समितियों के गठन के बाद विधानसभा की विभिन्न विषयगत कार्यवाहियों को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित करने की तैयारी मानी जा रही है। विधानसभा के सचिव सभी समिति के सचिव होंगे।

