RANCHI (JHARKHAND): झारखंड स्वास्थ्य सेवा संघ (झासा) की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को रांची स्थित आईएमए भवन में संपन्न हुई। जिसकी अध्यक्षता संगठन के राज्य अध्यक्ष डॉ बिमलेश सिंह ने की। इस अवसर पर राज्य सचिव डॉ ठाकुर मृत्युंजय सिंह और राज्य संयोजक डॉ शरद कुमार भी मौजूद रहे। बैठक में मुख्य रूप से तीन प्रमुख मांगों पर चर्चा की गई। पहली राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत चिकित्सकों को शीघ्र ही नई एचआर नीति (HR Policy) का लाभ दिया जाए। दूसरी मांग में जब भी नियमित चिकित्सकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो, उसमें एनएचएम डॉक्टरों को प्राथमिकता दी जाए। तीसरी महत्वपूर्ण मांग यह रखी गई कि नियमित बहाली में आयु सीमा में कम से कम 10 वर्ष की छूट दी जाए। मौके पर डॉ मुकेश कुमार, डॉ अनुराधा कुमारी, डॉ ज्योति, डॉ दीपक कोनगाड़ी, डॉ विशाल कुमार सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद थे।
ओपीडी सर्विस को लेकर जताई चिंता
संगठन ने निर्णय लिया कि इन मांगों को औपचारिक पत्र के रूप में विभागीय मंत्री और संबंधित पदाधिकारियों को सौंपा जाएगा। इसके अतिरिक्त बैठक में ओपीडी सेवाओं को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। वर्तमान में केवल 5 जिलों में ही दो पाली में ओपीडी सेवाएं दी जा रही हैं, जबकि 19 जिलों में इसका पालन नहीं हो रहा है। संगठन ने विभागीय मंत्री और अपर मुख्य सचिव को ज्ञापन देकर पुराने ओपीडी सिस्टम को बहाल करने की मांग की है।
READ ALSO : RANCHI NEWS: राजधानी में एक घंटे की बारिश में ही कई इलाके जलमग्न, पॉश कॉलोनी के घरों में भी घुसा पानी

