Home » JHARKHAND NEWS: ड्रोन शो में दिखी झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, शिल्पा राव के गानों पर झूमे लोग 

JHARKHAND NEWS: ड्रोन शो में दिखी झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, शिल्पा राव के गानों पर झूमे लोग 

by Vivek Sharma
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखंड स्थापना दिवस के 25वें वर्षगांठ के अवसर पर रजत पर्व उत्सव का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन के साथ परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक क्षण को उत्सव के रूप में मनाया। इस दौरान भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया। जिसमें ड्रोन की सहायता से आकाश में झारखंड की ऐतिहासिक यात्रा और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया। लोकप्रिय बैंड टॉम मुर्मू एंड बैंड तथा इंडियन आइडल फेम शगुन पाठक के अलावा बॉलीवुड गायिका शिल्पा राव ने अपने गीतों से समां बांध दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान पूरे मैदान में उत्साह का माहौल रहा। लोग झारखंडी संगीत और लोकधुनों पर झूमते नजर आए। 

समृद्ध कला-संस्कृति का संगम बना रजत पर्व

कार्यक्रम में राज्य की पारंपरिक कला और लोक संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला। कलाकारों द्वारा झारखंड की विविध सांस्कृतिक विधाओं अखरा जगान (झूमर), संथाली, कड़सा, खड़िया, मुंडारी, नागपुरी, घोड़ा, पाईका, सरायकेला छऊ एवं मानभूम छऊ की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जीवनी पर नाटक

स्मृति-शेष स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जीवनी पर आधारित नाट्य प्रस्तुति, रजत पर्व उत्सव का आकर्षण रही। इस नाटक ने न केवल उनका जीवन दर्शाया, बल्कि उनके द्वारा झारखंडी समाज के लिए किए गए योगदान और समाज सुधार की दिशा में उठाए गए कदमों को भी गहराई से उजागर किया। दिशोम गुरु शिबू सोरेन का जीवन संघर्ष और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण झारखंड के आदिवासी समाज के लिए प्रेरणा स्त्रोत रहा है। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक जागृति और सशक्तिकरण के क्षेत्रों में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जिन्हें इस नाटक के माध्यम से कलाकारों ने सजीव रूप में प्रस्तुत किया। 

इनकी रही मौजूदगी 

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद महुआ माजी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, पर्यटन सचिव मनोज कुमार, उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन समेत राज्य और जिला प्रशासन के वरिष्ठ पदाधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में गणमान्य मौजूद रहे। 

Related Articles