Jamshedpur : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार समाहरणालय सभागार में राजस्व निबंधन, भूमि सुधार और राजस्व संग्रहण संबंधी समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद ने की। बैठक में धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी शताब्दी मजूमदार, घाटशिला एसडीओ सुनील चंद्र समेत जिले के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में भू-अर्जन, म्यूटेशन, भूमि सीमांकन, ऑनलाइन लगान, भू-विवाद समाधान दिवस, शिविरों के आयोजन जैसे अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई। म्यूटेशन की प्रगति को लेकर बताया गया कि जनवरी 2025 से 15 जून 2025 तक जिले में कुल 6939 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 3245 मामलों का निष्पादन हो चुका है। यह 46.76% की प्रगति को दर्शाता है। शेष लंबित आवेदनों का समयसीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। रिजेक्शन की स्थिति में उचित कारण दर्ज करने का भी निर्देश दिया गया।
भूमि सीमांकन के कुल 1162 आवेदनों में 24% मामलों का निष्पादन किया गया है। 274 आवेदन शुल्क भुगतान लंबित, 370 प्रक्रियागत कारणों से लंबित तथा 15% आवेदन रिजेक्ट पाए गए। संबंधित आवेदकों से संपर्क कर लंबित कार्यों में तेजी लाने का आदेश दिया गया।
परिसोधन, आरसीएमएस और ऑनलाइन लगान वसूली की भी गहन समीक्षा की गई। लंबित अपील एवं स्व-प्रेरित म्यूटेशन मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश राजस्व कर्मियों को दिया गया। भूमि विवाद समाधान दिवस और थाना-वार शिविरों की तैयारी की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक मामलों के समाधान पर जोर दिया गया। अपर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि लोगों को इन शिविरों से लाभ पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। राजस्व संग्रहण समीक्षा में विभिन्न विभागों द्वारा अब तक की गई वसूली पर चर्चा हुई।
सेल्स टैक्स अर्बन सर्किल: 15%
जमशेदपुर सर्किल: 13%
सिंहभूम सर्किल: 14%
आदित्यपुर सर्किल: 14%
उत्पाद विभाग: 13%
निबंधन कार्यालय: 14%
तीनों विद्युत प्रमंडल 20%+
परिवहन विभाग: 19%
नगर निकाय: लगभग 20%

