Home » Ranchi News : रांची के डिस्टलरी पार्क में नहाने गए अधेड़ की तालाब में डूबने से मौत, शव निकालने को सड़क पर लगा जाम

Ranchi News : रांची के डिस्टलरी पार्क में नहाने गए अधेड़ की तालाब में डूबने से मौत, शव निकालने को सड़क पर लगा जाम

by Mujtaba Haider Rizvi
Ranchi Distillery Park drowning death
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi : राजधानी रांची के कोकर स्थित डिस्टलरी पार्क परिसर में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। तालाब में नहाने के दौरान 55 वर्षीय धनेश्वर उरांव गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। वह कोकर के हैदर अली रोड नंबर-2 के निवासी थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव की तलाश शुरू कराई।

गौरतलब है कि धनेश्वर उरांव सोमवार सुबह डिस्टलरी पार्क के तालाब में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान वह तालाब के गहरे हिस्से में चले गए। पानी अधिक गहरा होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सके और देखते ही देखते पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों को घटना का पता चला तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।

पुलिस पहुंची, शुरू हुई शव की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार पुलिस बल के साथ डिस्टलरी पार्क पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तालाब में डूबे व्यक्ति की तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बावजूद जब शव तत्काल नहीं मिला, तो आसपास के लोगों ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम बुलाने की मांग शुरू कर दी। इसी मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने डिस्टलरी पुल के पास सड़क जाम कर दी। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोग तालाब में शव की तलाश में जुटे रहे।

Ranchi Distillery Park drowning death

शव पानी के ऊपर आया तो गोताखोरों ने निकाला

शव की तलाश के बीच अचानक धनेश्वर उरांव का शव पानी के ऊपर दिखाई देने लगा। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों को समझाया और सड़क पर लगा जाम समाप्त कराया।

जाम समाप्त होने के बाद सड़क पर यातायात सामान्य हुआ। पुलिस ने शव की पहचान धनेश्वर उरांव के रूप में की और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया शव

सदर थाना प्रभारी ने बताया कि धनेश्वर उरांव के शव का पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है। पुलिस मामले की आवश्यक जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, शव नहीं मिलने की स्थिति में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की मदद लेने की तैयारी की जा रही थी। इसके लिए रांची के एसएसपी राकेश रंजन और एसडीओ को पत्र भी भेजा गया था। हालांकि, शव पानी की सतह पर आने के बाद स्थानीय गोताखोरों ने उसे बाहर निकाल लिया। इसलिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम बुलाने की जरूरत नहीं पड़ी।

Read Also: Ranchi Road Accident: सोनाहातू में तेज रफ्तार ट्रक का कहर, बाइक में मारी टक्कर,पति-पत्नी की मौत

Related Articles

Leave a Comment