Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम जिले के राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के तत्वावधान में बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय में रविवार को”सर्वोदय संवाद” का आयोजन किया गया। यह संवाद कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला। इसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पवन कुमार बबलू ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुनीत शर्मा उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सुनीत शर्मा ने कहा कि राजीव गांधी पंचायती राज संगठन से जुड़कर समाज में नेतृत्व का विकास करना, और उसके माध्यम से समाज का समग्र विकास सुनिश्चित करना हम सबका लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता नहीं, बल्कि गांवों का समावेशी विकास, प्रेम, शांति और भाईचारे का वातावरण तैयार करना होना चाहिए। साथ ही, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के अवसरों को सभी तक पहुंचाना ही सच्चे लोकतंत्र की पहचान है।
इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेश अध्यक्ष सुनीत शर्मा को जिला उपाध्यक्ष ब्रजेंद्र तिवारी द्वारा अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। इनमें जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह आजाद, प्रदेश युवा उपाध्यक्ष सत्यम सिंह, जिला महामंत्री बिरेंद्र पांडेय, रंजीत सिंह, सुनील गुप्ता, पवन लव कुमार निराला, रेनू मिश्रा, मजदूर नेता नवीन कुमार, गोलमुरी प्रखंड के लव कुमार, साकची से अनीश कुमार और मानगो से कंचन देवी शामिल रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्राम स्तर पर संवाद और संगठन की भागीदारी को बढ़ाना था, ताकि स्थानीय नेतृत्व को मजबूत किया जा सके और ग्रामीण विकास की योजनाएं जमीनी स्तर तक पहुंच सकें।
“सर्वोदय संवाद” कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि पंचायतीराज केवल प्रशासनिक ढांचा नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत की आत्मा है, और उसकी मजबूती से ही लोकतंत्र की जड़ें मजबूत होंगी। संगठन द्वारा भविष्य में भी ऐसे संवाद कार्यक्रमों के आयोजन की योजना बनाई गई है।

